- चौरीचौरा पुलिस ने आरपी हॉस्पिटल देवीपुर के डॉक्टर व स्टॉफ को आरोपी बनाया
- 4 मार्च 2023 को एसडीएम चौरीचौरा और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से की थी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
चौरीचौरा, गोरखपुर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के देवीपुर में स्थित आरपी हॉस्पिटल के डॉ. सोनू भारद्वाज और स्टॉफ के खिलाफ जांच पूरी कर पुलिस ने आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल कर दिया। अब कोर्ट में मुकदमे का ट्रायल होगा।
जानकारी के मुताबिक, 4 मार्च 2023 को तत्कालीन एसडीएम शिवम सिंह और प्रभारी चिकित्साधिकारी ब्रह्मपुर डॉ. ईश्वरलाल ने संयुक्त रूप से देवीपुर स्थित आरपी हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान हॉस्पिटल बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित होता पाया गया था। साथ ही तमाम अनियमितताएं पाई गई थीं। हॉस्पिटल के सील करने की कार्रवाई के दौरान प्रबंधक ने अपने सहयोगी डॉक्टर, फार्मासिस्ट व अन्य कर्मचारियों के साथ टीम का विरोध का विरोध करने के साथ धमकी भी दी थी। इस मामले में चौरीचौरा थाना में इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत अपराध संख्या 0095/2023 पर जालसाजी का केस दर्ज किया गया। जिसकी विवेचना एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी के निर्देशन और एएसपी/सीओ चौरीचौरा मानुष पारीक के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चौरीचौरा ने की। विवेचना के दौरान एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर डॉक्टर सोनू भारद्वाज पुत्र रामपति निवासी जयरामकोल थाना झंगहा (प्रबन्धक/डॉक्टर), ओटी टेक्नीशियन राधाकृष्ण राय पुत्र रामभोग राय निवासी चंद्रपुर बोलिया थाना रामकोला जनपद कुशीनगर, फार्मासिस्ट श्याम नारायण पुत्र योगेंद्र प्रसाद निवासी जुडियान थाना सहजनवा, श्वेता पुत्री त्रिलोकी निवासी भरोहिया सधना थाना झंगहा का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने विवेचना में सामने आए सभी अभियुक्तों के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया है।