परीक्षा विभाग की तर्ज पर बनेगा प्रवेश विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में प्रवेश के समय अभ्यर्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। फॉर्म भरते समय कोई गड़बड़ी हो जाए तो उससे जुड़ी जानकारी नहीं मिलती। दूर-दराज के अभ्यर्थी इसकी वजह से काफी परेशान रहते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा विभाग की तरह प्रवेश विभाग बनाने जा रहा है। इससे अभ्यर्थियों को हर जानकारी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आसानी से मिल जाएगी। कार्य परिषद की अगली बैठक में इस प्रस्ताव को रखा जाएगा।
ऑनलाइन जानकारी के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन प्रवेश का अलग पोर्टल तैयार करवा रहा है। प्रवेश से जुड़ी जानकारी अभ्यर्थियों को आसानी से उपलब्ध कराने के लिए प्रवेश विभाग का अलग पूछताछ केंद्र बनाया जाएगा। इस केंद्र से अभ्यर्थियों को प्रवेश से लेकर प्रवेश परीक्षा तक की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। विश्वविद्यालय जल्द इसके लिए काउंटर निर्धारित कर देगा। प्रवेश को लेकर संपूर्ण जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को भटकना पड़ता है। इस वजह से कई बार मेधावी विद्यार्थी परेशान होकर प्रवेश के लिए आवेदन तक नहीं करते।
प्रवेश विभाग में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अफसरों के साथ वरिष्ठ शिक्षकों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। इसके लिए अलग से कर्मचारी भी तैनात किए जाएंगे, जो प्रवेश का डाटा तैयार करेंगे।
15 मार्च से शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया
पिछले सत्र में प्रवेश प्रक्रिया में देरी के चलते प्रवेश का सिलसिला अगस्त के अंत तक चलता रहा था। उससे सबक लेते हुए इस बार विश्वविद्यालय प्रशासन ने 15 मार्च से ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर देने का फैसला लिया है। विश्वविद्यालय इस लक्ष्य के साथ कार्य करने की तैयारी में है कि जून के अंत तक हर हाल में प्रवेश कार्य पूरा कर लिया जाए, जिससे जुलाई के पहले सप्ताह से अध्ययन-अध्यापन का कार्य सुचारु रूप से चल सके।
कोट...
प्रवेश के समय अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए परीक्षा विभाग की तरह एक स्थायी प्रवेश विभाग की स्थापना की योजना बनाई गई है। प्रवेश के लिए अलग पोर्टल पर भी काम चल रहा है। इस योजना को कार्य परिषद में ले जाने की तैयारी है। कार्य परिषद की स्वीकृति के बाद तत्काल विभाग की स्थापना कर दी जाएगी।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति