बड़हलगंज थानाक्षेत्र के मंगलपुर गांव में एक व्यक्ति की दोहरी पहचान को लेकर मामला सामने आया है। गांव निवासी संत कुमार पांडेय ने एसएसपी प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनके ही गांव के एक व्यक्ति ने विदेशी नागरिकता छिपाकर भारत की नागरिकता हासिल कर ली है।
शिकायत में दावा किया गया है कि आरेापी व्यक्ति का जन्म थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में हुआ था और उन्होंने वहीं की नागरिकता भी प्राप्त कर ली। इसके बावजूद भारत में खुद को स्थानीय निवासी दर्शाते हुए उन्होंने विभिन्न दस्तावेज तैयार करा लिए। मामले की जांच के आदेश एसएसपी ने दिए हैं।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि सोशल मीडिया पर उस व्यक्ति का नाम ‘सेंटिगोमंज’ लिखा है। वह विदेशी पासपोर्ट के जरिये भारत और थाईलैंड के बीच आवाजाही करता है। साथ ही उनकी गतिविधियों को संदिग्ध बताते हुए इसकी गहन जांच की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि भारत में दोहरी नागरिकता मान्य नहीं है, ऐसे में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह गंभीर कानूनी मामला बन सकता है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि आरोपी व्यक्ति ने फर्जी तरीके से दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर भारतीय नागरिकता हासिल की है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने सीओ गोला दरवेश कुमार को मामले की जांच सौंपी है।
प्रभारी निरीक्षक थाना बड़हलगंज सुनील कुमार राय का कहना है कि अभी तक उनके पास मामले की कोई तहरीर नहीं पहुंची है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।