चौरीचौरा पुलिस ने धोखधड़ी कर जमीन बैनामा करने के आरोप में गिरफ्तार किया।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चौरीचौरा पुलिस ने मंगलवार को धोखाधड़ी कर भूमि बैनामा कराने के आरोपी बघाड़ निवासी खेतान मौर्या को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी ने इंग्लैंड में रह रहे सरस चंद कोइरी की पैतृक जमीन धोखाधड़ी से अपने नाम बैनामा करा ली थी।
एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चार माह पूर्व बघाड़ निवासी, एनआरआई सरस चंद कोइरी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह इंग्लैंड में रहते हैं। वहीं पर रोजगार करते हैं। कभी-कभी गांव आते जाते थे। उनकी चल अचल संपत्ति बघाड़, फुलवरिया व गौनर में है।
इसमें उनका व उनके भाई सुभाष चन्द कोइरी का नाम दर्ज है। जब वह अपने गांव आए और खेत में जुताई करने गए तो खेतान मौर्या, लीलावती देवी, बैजू, बैजनाथ, सुमन, पूनम ने गाली गलौज करते हुए लाठी, डंडा व रॉड से मारपीट कर घायल कर दिया। जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धारा 147, 323, 504, 506, 419, 420, 467, 468, 471, 447 के तहत केस दर्ज किया था।