15 जुलाई से पहले न कराएं परीक्षा एबीवीपी पदाधिकारियों ने एमएमएमयूटी कुलपति को सौंपा सात सूत्रीय ज्ञापन अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महानगर इकाई की ओर से मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आगामी शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर कुलपति को ज्ञापन दिया गया। कार्यकर्ताओं ने 15 जुलाई से पूर्व कोई परीक्षा नहीं कराने की मांग की। एवीबीपी के पदाधिकारियों ने कहा कि स्थिति सामान्य होने पर पहले अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षा ही कराई जाए। अंतिम वर्ष के अतिरिक्त सभी विद्यार्थियों की परीक्षा अगस्त या सितंबर में कराने या उन्हें प्रोन्नत करने, विद्यार्थियों नोट्स उपलब्ध कराने, पाठ्यक्रम न पूरा होने की स्थिति को देखते हुए परीक्षा का प्रारूप विद्यार्थियों के अनुकूल परिवर्तित किये जाने, परीक्षा के समय सामाजिक दूरी, थर्मल स्कैनिंग, ऑटोमेटिक मशीन, मास्क की अनिवार्यता आदि कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि परीक्षा तिथि के कम से कम 5 दिन पूर्व छात्रावासों को मेस सुविधा सहित खोले जाने चाहिए। राज्य विश्वविद्यालय प्रमुख मयंक राय ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही के कारण विद्यार्थियों को जानलेवा खतरे का सामना ना करना पड़े, इसको सुनिश्चित करना ही होगया। यदि इन मांगों को शीघ्र नही पूरा किया गया तो परिषद व्यापक स्तर पर विरोध को बाध्य होगी। इस अवसर पर महानगर संगठन मंत्री आकाश गौड़, ऋषभ सिंह,निखिल गुप्ता, सारिका उपस्थित रहे।