झंगहा क्षेत्र की पकड़ियार निवासी 20 वर्षीय रेखा की बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रेखा अपनी सहेली निरमा से मिलने बुधवार को कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर आई थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
निरमा झंगहा के नई बाजार की रहने वाली हैं। वह राधा माधव में काम करती हैं। वह मोहद्दीपुर में किराए पर कमरा लेकर रहती हैं। बुधवार की रात दोनों सहेलियों ने साथ भोजन किया था और देर रात तक कमरे में ही रहीं। अगले दिन सुबह निरमा अपनी ड्यूटी के लिए राधा माधव निकल गईं।
शाम करीब आठ बजे जब वह लौटी तो कमरा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर संदेह हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा खोला गया, जहां रेखा का शव फंदे पर लटका मिला।
इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है। कैंट थानाप्रभारी संजय सिंह के अनुसार, अब तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। रेखा गीडा क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहती थीं और बुधवार को ही सहेली से मिलने आई थीं। परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। रेखा चार भाई बहनों में दूसरे नंबर पर थीं।