- खजनी इलाके के एक देशी शराब की दुकान पर गए थे दो युवक, एक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र के नरकटहा में स्थित देशी शराब की दुकान पर शुक्रवार की रात में रिवाल्वर लेकर पहुंचे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, तलाशी के दौरान उसके पास से नकली रिवाल्वर मिला। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने दुकान में दाखिल होकर धमकी देने की धारा में केस दर्ज किया है। पकड़े गए आरोपी के दूसरे साथी की तलाश में पुलिस टीम लगी है। पुलिस ने आरोपी पर आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाकर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान तालनवर गांव के मंगलपुर निवासी सत्यम के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, देशी शराब पर रहने वाले अमरीश पासवान ने केस दर्ज कराया है। आरोप है कि शुक्रवार की रात में 9:30 बजे के करीब सत्यम अपने साथी मंतोष के साथ आया। दुकान पर आते ही उसने धमकी देते हुए रिवाल्वर तान दिया। यह देखकर वहां पर अफरा-तफरी मच गई। अमरीश भी दुकान के अंदर छिप गया। अंदर से उसने पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। शनिवार को पुलिस ने सत्यम को नकली रिवाल्वर के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के साथी मंतोष की पुलिस तलाश कर रही है।