हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के चांदपार बूथ संख्या 234 पर मतदाता सूची में अपना नाम खोजने पहुंचे युवक ने बुधवार को हंगामा किया। 2003 की सूची में नाम न मिलने पर वह बीएलओ पर भड़क उठा और गाली-गलौज करने लगा। हद तो तब हुई जब युवक ने ग्राम सचिव और बीएलओ को मारने के लिए ईंट उठाकर तान दी और वोटर लिस्ट भी फाड़ डाली।
मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर युवक को शांत कराया। मामले में ग्राम सचिव ने थाने में तहरीर दी है। कटसहरा ग्राम पंचायत के सचिव अभय कुमार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि दोपहर में बूथ पर एसआईआर फाॅर्म भरने का काम चल रहा था। इसी दौरान चांदपार निवासी युवक अपने भाई के साथ पहुंचा और बीएलओ से मतदाता सूची में नाम न होने को लेकर विवाद करने लगा।
सचिव अभय कुमार के अनुसार, जब उन्होंने मामले को शांत कराने का प्रयास किया तो आरोपी ने बीएलओ को गालियां देनी शुरू कर दीं। उसने पास पड़ी ईंट उठाकर सचिव और बीएलओ को धमकाया तथा वोटर लिस्ट को फाड़ दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को काबू में किया।
थाना प्रभारी विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच चल रही है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।