गोरखपुर से देवरिया जा रही तेज रफ्तार अनुबंधित बस बुधवार सुबह डुमरी खुर्द के पास सड़क किनारे खड़े गिट्टी लदे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ब्रह्मपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सिंहपुर में तैनात शिक्षिका सरोज देवी समेत छह यात्री घायल हो गए।
बस के आगे बैठी शिक्षिका को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आईं। मौके पर मौजूद सरैया निवासी सागर मोदनवाल घायल शिक्षिका को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज कराया गया। अन्य घायल यात्री प्राथमिक उपचार के बाद अपने-अपने घर चले गए। बस में घटना के समय 35 से अधिक यात्री सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी और चालक की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ, जिससे यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। हालांकि संयोग अच्छा रहा कि कोई जनहानि नहीं हुई। थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने बस को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया और बस व ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।