कैंपियरगंज। जंगल बब्बन के छोटा तिलहवा गांव में ट्रैक्टर की टक्कर से नौ वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसा मंगलवार की शाम करीब 6:30 बजे तिलहवा चौराहे पर हुआ। मामले में बालक के पिता ने थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी उमेश निषाद का नौ वर्षीय पुत्र दिव्यांशु घटना के समय तिलहवा चौराहे पर खेल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान लापरवाही से ट्रैक्टर चला रहे चालक ने बालक को टक्कर मार दी। हादसे में दिव्यांशु की मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित पिता ने थाना प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।