गगहा थाना क्षेत्र के एक स्कूल में दो दिन पहले कुछ छात्रों के बीच विवाद हो गया था। इसी रंजिश में शनिवार की रात एक पक्ष के युवकों द्वारा गगहा चौराहे पर दूसरे पक्ष के युवकों पर हमला बोल दिया। इसमें से एक युवक भागकर अपने घर पहुंचा, उसने अपने बाबा चंद्रभान और चाचा बृजेश गुप्ता को सूचना दी। इसके बाद चाचा बृजेश दौड़ते हुए चौराहे की तरफ गए।
थोड़ी देर बाद घर के अन्य लोग भी पहुंचे तो वहां बृजेश अचेत अवस्था में गिरे पड़े हुए थे। उन्हें अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन हत्या का केस दर्ज करने के लिए रात में हंगामा करने लगे। फिलहाल पुलिस को तहरीर मिली है। पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर पर कहीं चोट का निशान नहीं मिला है। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।