गोरखनाथ मंदिर परिसर में लगे खिचड़ी मेले में जलपरी का शो देखते लोग।फोटो - संवाद।
गोरखनाथ का खिचड़ी मेल लगभग लग चुका है। यहां अभी से ही दूर-दराज से लोग गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन-पूजन कर मेले का लुत्फ उठा रहे हैं। खाने-पीने के साथ मेले में पहली बार आई ‘जलपरी’ बच्चों को खूब आकर्षित कर रही है।
श्रद्वालुओं का कहना है कि पहली बार यहां जलपरी शो दिखाया जा रहा है। शो के संचालक सुबोध श्रीवास्तव का कहना है कि मेले में यह पहली बार लाया गया है। इसमें झारखंड की दो युवतियां हैं, जो पानी में अठखेलियां कर रहीं हैं और लोगों का मनोरंजन कर रहीं हैं। इसकी फीस 80 रुपये रखी गई है।
बता दें कि, मेले में बैरिकेडिंग लग चुकी है। लोग बड़े ही आस्था के साथ दर्शन-पूजन भी कर रहे हैं। यहां पर झूला, टोरा-टोरा, बड़ी नाव, मौत का कुंआ, बच्चों के खाने पीने के सामानों के साथ दैनिक जीवन में इस्तेमाल की जाने वाली अन्य सामान की दुकानें भी लगी हैं।
शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में श्रद्धालु दर्शन पूजन करने पहुंचे थे। दोपहर लगभग एक बजे श्रद्धालु मुख्य द्वार से प्रवेश कर पहले गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसके बाद भीम सरोवर के पास लगे गेट से वह मेले में प्रवेश कर रहे थे। मेले में भीड़ ऐसी थी कि मानो मकर संक्रांति कल ही मनाई गई हो।
देवरिया से आए श्रद्धालु मनोज ने बताया कि मकर संक्रांति के मेले का साल भर से इंतजार करते हैं। आज किसी काम से गोरखपुर आए थे तो दर्शन का मन हुआ। मकर संक्रांति के दिन परिवार के साथ दर्शन करेंगे। मेले का आनंद भी लेंगे। वहीं, मेला प्रभारी शिव शंकर उपाध्याय ने बताया कि मेले में प्रतिदिन ज्यादा भीड़ हो रही है। 15 जनवरी से मेला और रफ्तार पकड़ेगा।