सरदारनगर। एम्स क्षेत्र के सोनबरसा बाजार स्थित बेलवा खुर्द गांव के सामने फोरलेन पर शनिवार सुबह 10 बजे ट्रेलर और ट्रैक्टर-ट्राॅली की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घायल ट्रैक्टर चालक की पहचान कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र के तितिला गांव निवासी 55 वर्षीय रामसिंगार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शनिवार सुबह ट्रैक्टर-ट्राली लेकर कसया की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। घायल को अस्पताल भिजवाकर भागे ट्रेलर चालक की तलाश में जुट गई। एम्स थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश ने बताया कि भागे ट्रेलर चालक की तलाश चल रही है।