गोरखपुर। कालाबाजारी और अनियमितता की शिकायत में मानीराम गैस एजेंसी पर इंडियन ऑयल ने एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। एजेंसी के संचालक पति-पत्नी सहित तीन लोगों के खिलाफ पहले ही पीपीगंज थाने में कालाबाजारी और धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया जा चुका है। जुलाई में मानीराम गैस एजेंसी के गोदाम में अवैध रिफिलिंग का वीडियो वायरल हुआ था। जिला पूर्ति विभाग ने इसकी जांच की। जांच के दौरान रसोई गैस सिलेंडर में गैस कम मिलने की शिकायत भी सामने आई। इसके बाद विभाग की ओर से एजेंसी के संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ पीपीगंज थाने में केस दर्ज कराया गया। इससे पहले जून में भी एजेंसी के गोदाम में अवैध रिफिलिंग का वीडियो वायरल हुआ था। इंडियन ऑयल ने इसकी जांच कराई थी। जांच में भी अनियमितता मिलने की बात सामने आई थी। इसके बाद सिलिंडर में कम गैस मिलने और अन्य शिकायतों की दोबारा जांच की गई। जांच में अनियमितता मिलने पर कंपनी ने एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।