कोठा गांव में दोहरी त्रासदी ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। गांव के टिकुली बनारस में मंगलवार देर रात 70 वर्षीय निठालु की बीमारी से मौत हो गई। परिजनों ने यह जानकारी दुबई में उनके छोटे बेटे पारस (43) को फोन पर दी।
परिवार बुधवार को निठालु के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटा था कि अचानक दुबई से कंपनी की कॉल आई। फोन पर बताया गया कि पारस को मंगलवार देर रात हार्ट अटैक आया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव का माहौल शोक में डूब गया।
पारस अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और तीन बेटे को छोड़ गए। परिजनों ने बताया कि कंपनी की ओर से पारस के शव को भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संभावना है कि शुक्रवार देर रात गोरखपुर पहुंचने के बाद शव कोठा गांव लाया जाएगा।
परिवार पर आए इस दोहरे दुख ने पूरे क्षेत्र को व्यथित कर दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी सुशील कुमार चौरसिया ने ऐसी किसी जानकारी से इन्कार किया है। संवाद