फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: गोलघर में सड़क पर खड़ी की गाड़ी तो उठा ले जाएगी क्रेन...25 रुपये बचाने में एक हजार गवाएंगे

Thu, 12 Oct 2023 12:06 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोरखपुर।

सार

रोजाना क्रेन सड़कों पर बाजार में खड़ी चार पहिया वाहनाें को उठाकर पार्किंग में ले जा रही है। जल्द ही क्रेन से बाइक भी उठाई जाएगी। इस सख्ती का असर यह रहा कि बुधवार की दोपहर में गोलघर का बाजार एकदम खाली नजर आया। सड़कें खाली होने से कहीं भी जाम नहीं लगा और गाड़ियां फर्राटे से आती-जाती रहीं।
विज्ञापन
गोलघर। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखपुर शहर के गोलघर में अगर खरीदारी करने गए हैं या किसी काम से रुकते हैं तो गाड़ी पार्किंग में ही खड़ी करें वरना 25 रुपये बचाने के चक्कर में एक हजार रुपये का जुर्माना देना पड़ सकता है। जाम से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है।

विज्ञापन


रोजाना क्रेन सड़कों पर बाजार में खड़ी चार पहिया वाहनाें को उठाकर पार्किंग में ले जा रही है। जल्द ही क्रेन से बाइक भी उठाई जाएगी। इस सख्ती का असर यह रहा कि बुधवार की दोपहर में गोलघर का बाजार एकदम खाली नजर आया। सड़कें खाली होने से कहीं भी जाम नहीं लगा और गाड़ियां फर्राटे से आती-जाती रहीं।

गोलघर के जलकल बिल्डिंग में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण 29.11 करोड़ रुपये के बजट से हुआ है। इस पार्किंग में कार और बाइक सहित कुल छह सौ वाहन खड़े किए जा सकते हैं। पार्किंग में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इस पार्किंग में वाहन खड़े करने के बजाय लोग गोलघर में जहां-तहां वाहन खड़ी करके खरीदारी करते हैं। लोगों की मनमानी से बाजार में जाम लगता है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम की ओर से क्रेन का संचालन शुरू किया गया है।
विज्ञापन


 

कार खड़ी होते ही उठा ले जा रही क्रेन
गोलघर बाजार को नगर निगम ने नो वेंडिंग जोन घोषित कर दिया है। इसकी जानकारी देने के लिए गोलघर पुलिस चौकी के पास और कचहरी चौराहे के नजदीक बंदूक की दुकान के पास बोर्ड लगाया गया है। बुधवार की दोपहर 02.10 बजे नगर निगम के चालक और एक अन्य कर्मचारी कार लेकर पहुंचे। जलकल बिल्डिंग की लेन में बनी दुकान के सामने खड़ी कार को उठा ले गए। इसके करीब 15 मिनट बाद क्रेन लौटकर आई। मंगलम टॉवर लेन में खड़ी कार को उठाकर आगे बढ़ी तो एक दुकान में बैठे शख्स ने चिल्लाना शुरू कर दिया। लेकिन उनकी बातों को अनसुना करके चालक ने कार को पार्किंग में पहुंचा दिया। नगर निगम से जुड़े लोगों ने बताया कि दो क्रेन का इंतजाम किया गया है। अभी एक क्रेन संचालित की जा रही है।

 

अभी उठा रहे कार, जल्द ही उठाने लगेंगे बाइक
बुधवार की दोपहर 02.29 बजे पार्किंग के बेसमेंट में पर्ची बनाने और वाहनों को जमा कराने की जिम्मेदारी उठा रहे कर्मचारी दिव्यांशु श्रीवास्तव ने बताया कि गोलघर में क्रेन गई है। अभी सिर्फ कारों को उठाया जा रहा है। जल्द ही नो वेडिंग जोन में खड़ी बाइक भी उठाकर पार्किंग में लाई जाएगी। दिव्यांशु ने बताया कि जब से कार्रवाई शुरू हुई है, तब से यहां पर वाहनों के जमा कराने की तादाद बढ़ गई है।

सफेद पट्टी के भीतर खड़ी करें बाइक
गोलघर के दुकानदारों ने बताया कि सफेद पट्टी के भीतर बाइक खड़ी करने की इजाजत मिली है। इसके बाहर बाइक खड़ी होने पर चालान काटा जाएगा। गोलघर में चार पहिया वाहन खड़ी करने पर रोक है।

 

25 रुपये बचाने के चक्कर में दे रहे एक हजार जुर्माना

पार्किंग कर्मचारियों का कहना है कि पार्किंग में चार पहिया वाहनों के लिए आठ घंटे का शुल्क 25 रुपये निर्धारित है। नो पार्किंग में वाहन खड़े होने पर एक हजार रुपये जुर्माना लिया जाता है। इसकी रसीद भी दी जाती है। 25 रुपये बचाने के चक्कर में रोजाना 15 से 18 लोग एक हजार रुपये का जुर्माना जमा करा रहे हैं। इस व्यवस्था से 15 से 20 हजार रुपये की आय रोजाना हो जा रही है। सख्ती के कारण पहले जहां 30 से 35 कारें पार्किंग में आती थीं, अब उनकी तादाद भी बढ़ गई है।

यह है गोलघर मल्टी पार्किंग की दर
वाहन समय दर
चार पहिया 08 घंटे 25 रुपये
चार पहिया 24 घंटे 100 रुपये
चार पहिया 30 दिन 500 रुपये
चार पहिया 30 दिन 2000 रुपये
बाइक 08 घंटे 10 रुपये
बाइक 24 घंटे 50 रुपये
बाइक 30 दिन 200 रुपये
बाइक 30 दिन 500 रुपये


 
विज्ञापन

लोग बोले

जब से व्यवस्था शुरू हुई है, तब से ज्यादा राहत मिली है। लोगों को चाहिए कि बाजार में आएं तो अपने वाहनों को पार्किंग में खड़ी करें। -नरेश कुमार, दुकानदार

रोजाना शाम को दिक्कत होती है। जानकारी के अभाव में लोग जहां तहां वाहन खड़े कर रहे हैं। यहां आने वाले लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। -वकील अहमद, दुकानदार

नगर निगम ने सख्ती तो बरती है। लेकिन जाम की समस्या के समाधान के लिए लोगों को खुद भी पहल करनी होगी। पार्किंग में वाहन खड़े करके पैदल चलने से बचने के लिए अधिकांश लोग सड़क पर गाड़ी करते हैं।-महेश कुमार, राहगीर

व्यवस्था को लागू किए जाने से सबको राहत मिल रही है। इससे गोलघर में भीड़ कम हो गई है। अभी सिर्फ कारें ही उठाई जा रही है। आगे चलकर बाइक का जुर्माना वसूलने की बात कर्मचारी बताते हैं।-अमरनाथ, गोलघर

पार्किंग में वाहनों को खड़ी करने की सुविधा है। लोगों को चाहिए कि अपने वाहनों को वहीं पर खड़ी करें। इससे वाहन भी सुरक्षित रहेंगे। नो वेंडिंग जोन में खड़े वाहनों को पार्किंग में रखने के लिए क्रेन चल रही है।
- गौरव सिंह सोगरवाल, नगर आयुक्त
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें