कस्बे के एक मोहल्ले में युवती का अश्लील वीडियो वायरल करने और उसे ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोहल्ले के ही युवक ने प्रेम प्रसंग के दौरान युवती का अश्लील वीडियो बना लिया और शादी के बाद उसे वायरल कर दिया।
घटना से युवती का वैवाहिक जीवन प्रभावित हो गया और वह ससुराल छोड़कर मायके लौट आई। पीड़िता के पिता की तहरीर पर गोला पुलिस ने आरोपी विक्रम निषाद उर्फ विक्कू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में गोला थाना क्षेत्र की पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की शादी एक मई को मऊ जनपद में हुई थी। शादी के बाद 21 मई को वह घर लौट आई। पूछताछ में युवती ने बताया कि मोहल्ले के विक्रम निषाद उर्फ विक्कू से उसका करीब दो वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
इसी दौरान आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। आरोप है कि शादी के बाद भी आरोपी मोबाइल पर बातचीत करने का दबाव बनाता रहा। विरोध पर उसने जान से मारने की धमकी दी और कुछ दिन बाद अश्लील वीडियो वायरल कर दिया।
वीडियो की जानकारी युवती के पति को होने के बाद उसके वैवाहिक संबंधों में तनाव उत्पन्न हो गया। थानाध्यक्ष प्रहलाद सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।