जीभ में फंसे ढ़क्कन को निकालने के बाद बच्ची
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखनाथ क्षेत्र के एक निजी स्कूल में कक्षा तीन की छात्रा अदित्री सिंह की जीभ शनिवार को पानी के बोतल के ढक्कन में फंस गई। बोतल का ढक्कन निकालकर उसमें से पानी पीने की कोशिश के दौरान यह घटना हुई। ढक्कन से जीभ निकालने की कोशिश में वह और ज्यादा फंसती चली गई, जिससे बच्ची रोने लगी। डॉक्टर ने कड़ी मशक्कत के बाद ढक्कन को काटकर निकाला।
स्कूल में छात्रा अदित्रि के रोने पर क्लास टीचर ने स्थिति को समझते हुए पहले बोतल से ढक्कन को अलग किया। जीभ से ढक्कन निकालने की कोशिश की गई लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद बच्ची को लेकर स्कूल प्रबंधन एक निजी अस्पताल पहुंचा। वहां इलाज में असमर्थता के बाद राजेंद्र नगर स्थित ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. पीएन जायसवाल के पास लाया गया।
डॉ. जायसवाल ने बच्ची को ऑपरेशन थिएटर में ले जाकर सावधानीपूर्वक ढक्कन को काटा और जीभ को सुरक्षित बाहर निकाला। अब बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है। रामजानकी नगर की अदित्री के पिता व इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत विनीत सिंह ने स्कूल प्रबंधन व डॉक्टर का आभार जताया।
डॉ. पीएन जायसवाल ने अपील की है कि अभिभावक बच्चों को पानी पीने का सही तरीका सिखाएं और अच्छी गुणवत्ता की बोतलें ही उपयोग में लाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।