ट्रेनों में आग लगने की घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर बढ़ाई गई सतर्कता
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। ट्रेनों में आग लगने की घटना के बाद रेलवे स्टेशनों पर बढ़ाई गई अतिरिक्त सतर्कता का असर दिखने लगा है। शनिवार की शाम को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन व चार के मध्य एक व्यक्ति को एक बोरा पटाखे के साथ पकड़ा गया। आशंका जताई जा रही है कि पटाखा बिहार ले जाया जा रहा था।
पिछले दिनों इटावा में नई दिल्ली-भागलपुर स्पेशल और वैशाली सुपर फास्ट ट्रेन के कोच में आग गई थी। इससे पहले गोरखपुर जंक्शन पर भी एक ट्रेन के डिब्बे में रखे लावारिस बैग में आग लग गई थी। इसे देखते हुए रेल प्रशासन ने स्टेशन व ट्रेनों में अतिरिक्त सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए थे।
आरपीएफ इंस्पेक्टर दशरथ प्रसाद ने बताया कि शनिवार को छठ पूजा की भारी भीड़ को देखते हुए सहायक सुरक्षा आयुक्त रेलवे सुरक्षा बल गोरखपुर क्षेत्र मनोज कुमार टुडू के नेतृत्व में स्टेशन पर जांच की जा रही थी। इस दौरान ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति सफेद रंग का बोरा लिए हुए खड़ा था।
संदेह होने पर आरपीएफ टीम ने पूछताछ की। बोरे की जांच की गई तो उसमें पटाखे मिले। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पंकज नायक निवासी मोहल्ला राजेंद्र नगर पूर्वी थाना गोरखनाथ बताया। पुलिस ने रेलवे अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
-