गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की स्नातक और परास्नातक कक्षाओं में प्रथम चरण के सीट आवंटन के बाद प्रमाणपत्र सत्यापन की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को पूरी हो गई। तीन दिनों तक चली इस प्रक्रिया में विश्वविद्यालय परिसर में सीट पाने वाले 80 फीसदी अभ्यर्थियों ने प्रवेश की अंतिम औपचारिकताएं पूरी कर लीं। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग और चॉइस लॉक का दूसरा चरण एक से तीन अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर और केंद्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े दो दर्जन से अधिक महाविद्यालयों में प्रमाणपत्र सत्यापन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।