पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक चंद्रवीर रमण ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता के दौरान इस साल आवंटित हुए बजट की जानकारी साझा करते हुए कहा कि पिछले साल के ज्यादातर लक्ष्य को पूरा किया जा चुका है। इस बार भी समय से परियोजनाओं को पूरा करना और यात्री सुरक्षा व सुविधा की दिशा में ज्यादा से ज्यादा कार्य करना प्राथमिकता है। इस दौरान सीपीआरओ पंकज सिंह समेत रेलवे के अन्य अनुभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
आनंदनगर- घुघली, सहजनवां-दोहरीघाट नई रेल लाइन को मिलेगी गति
केंद्र सरकार ने पूर्वोत्तर रेलवे के तहत पूर्वांचल के क्षेत्रों में नई रेल लाइन बिछाने और यात्री सुविधाओं पर भी बजट में खास ध्यान रखा है। यहां नई रेल परियोजनाओं के लिए 750 करोड़ रुपये से अधिक का बजट आवंटित किया गया है।
इससे बहुप्रतीक्षित सहजनवां-दोहरीघाट नई रेल लाइन और आनंदनगर-घुघली वाया महराजगंज तथा खलीलाबाद-श्रावस्ती-बलरामपुर रेल लाइन के निर्माण में तेजी आएगी। इन रेल लाइनों के बनने से न केवल बड़ी आबादी का सफर आसान होगा बल्कि क्षेत्र का विकास भी तेजी से होगा।
एनईआर के महाप्रबंधक ने बताया कि आनंदनगर-घुघली वाया महराजगंज के लिए 20 करोड़ तथा पडरौना-कुशीनगर वाया गोरखपुर नई रेल लाइन के लिए 10 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है। वहीं खलीलाबाद-श्रावस्ती-बलरामपुर नई लाइन के लिए 390 और सहजनवा-दोहरीघाट नई लाइन के लिए 205 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। मऊ-ताड़ीघाट नई लाइन के लिए भी 150 करोड़ रुपये मिले हैं। सीपीआरओ पंकज सिंह ने बताया कि इनमें से ज्यादातर रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण का काम काफी पहले शुरू हो चुका है।