अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। त्योहार को देखते हुए रेलवे की तरफ से देश भर में 1700 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इन ट्रेनों में 26 लाख बर्थ उपलब्ध कराई गई है। पूर्वाेत्तर रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से होकर विभिन्न महानगरों के लिए 73 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के लिए व्यवस्था की गई है।
सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जीआरपी और आरपीएफ के जवानों को फुट ओवर ब्रिज पर तैनात किया गया है। भीड़ की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। स्टेशनों पर ट्रेन व कोच के स्थान के बारे में बार-बार घोषणाएं कराई जा रही हैं।
लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रा करने वाली महिला यात्रियों को सहायता प्रदान करने के लिए पुरुष एस्कॉर्ट तैनात किए गए हैं। गोरखपुर जं. स्टेशन पर चिकित्सा बूथ भी खोला गया है। स्टेशनों पर निगरानी के लिए लखनऊ जं. पर 48, छपरा में 62 एवं गोरखपुर जं. पर 67 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।