गोरखपुर जिले में बांसगांव इलाके के हरनही के भैंसा गांव के 70 साल के बुजुर्ग की आधी उम्र की महिला से मोहब्बत के मामले की जांच पुलिस ने तेज कर दी है। बृहस्पतिवार को पुलिस आरोपी बुजुर्ग से पूछताछ करने उसके घर पहुंची तो वह फरार मिला।
पता चला कि चौकी पर शिकायत होने के बाद से ही वह घर नहीं लौटा है। वहीं, उसकी प्रेमिका भी रिश्तेदारी में चली गई है। पुलिस ने गांव के लोगों से पूछताछ कर जानकारी हासिल की है।
जानकारी के मुताबिक, हरनही इलाके के भैंसा गांव की रहने वाली निर्मला देवी ने अपने पति के खिलाफ हरनही चौकी में तहरीर दी है। उसने 70 वर्षीय पति रामदरश यादव पर दूसरी महिला से इश्क फरमाने का आरोप लगाया है।
इसे भी पढ़ें: 70 साल के बुजुर्ग का महिला पर आया दिल, थाने पहुंचकर पत्नी बोली- शादी बचा लो साहब
कहा है कि मंगलवार की रात रामदरश ने उसे कमरे में बंद कर पीटा और मोमबत्ती से झुलसा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बृहस्पतिवार को चौकी इंचार्ज हरनही आरोपी बुजुर्ग के घर पहुंचे तो वह नहीं मिला।
आरोप लगाने वाली पत्नी ने बताया कि बुधवार दोपहर से ही वह घर नहीं आए है। एसओ दीपक सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।