एम्स थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को जेल भिजवाया
रुपये लेने के बाद फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया था
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पीडब्ल्यूडी में नौकरी दिलाने के नाम पर 6.40 लाख रुपये हड़पने के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पीड़ित को फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमाया था। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आरोपी की पहचान महराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के सेखुई निवासी रामदरस के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, जगदीशपुर निवासी संदीप पासवान ने केस दर्ज कराया है। उनका कहना है कि वह बीए पास हैं और नौकरी की तलाश में रोजगार कार्यालय गए थे। वहां पर एक शख्स से मुलाकात हुई। उसने बताया कि पीडब्ल्यूडी में नौकरी करना चाहते हो तो वह लगवा सकता है, लेकिन रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
उसने यह भी बताया कि उसके रिश्तेदार पीडब्ल्यूडी में हैं। उसकी बातें सुनने के बाद मोबाइल नंबर लेकर घर आया और मां से पूरी बात बताई। मां ने कहा अगर रुपये देने पर नौकरी मिल जाए तो वह इंतजाम कर देंगी। फिर दो गवाहों के सामने रुपये दिए गए। 6.40 लाख रुपये देने के बाद आरोपी ने एक नियुक्ति पत्र भी दे दिया। बताया कि देवरिया में नौकरी लगी है, वहां पर जाने पर फर्जी नियुक्ति पत्र की जानकारी हुई। इसके बाद आरोपी से संपर्क करने पर उसने बताया कि फर्जी नहीं, कुछ दिन और इंतजार कर लो, नौकरी लग जाएगी। कई बार टालने पर उसके घर गया तो उसने जातिसूचक गालियां देते हुए धमकी दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जालसाजी, एससी-एसटी एक्ट का केस दर्ज कर लिया। सीओ की विवेचना में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि एसओ एम्स मदन मोहन मिश्रा की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया।