तूफान के चलते सहालग में आने की तैयारी रह गई अधूरी
निरस्त हो गईं थीं चेन्नई से गोरखपुर आने-जाने वाली ट्रेनें
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में मिचौंग तूफान के कारण सहालग में आने की तैयारी करने वाले करीब 600 लोगों के अरमान अधूरे रह गए। किसी की फ्लाइट कैंसिल हो गई तो किसी की ट्रेन नहीं चली। वहीं उनके विवाह समारोह में आने के इंतजार में लोग राह जोहते रहे। जब पता लगा कि उनके रिश्तेदार शादी में शरीक नहीं हो पाएंगे तो सभी के चेहरे मुरझा गए।
मिचौंग तूफान को देखते हुए गोरखपुर, लखनऊ और वाराणसी के रास्ते चेन्नई जाने व आने वाली पांच जोड़ी ट्रेन अलग-अलग तारीख में निरस्त हुई थी। पूर्वांचल पर इस तूफान का सीधा असर तो नहीं पड़ा, लेकिन इसकी वजह से करीब 600 लोग अपनों से नहीं मिल पाए। ये वे लोग हैं, जो इन दिनों अपने घर या रिश्तेदारी में शादी के चलते चेन्नई से गोरखपुर और आसपास के जिलों में आने वाले थे।
गगहा के संजय सिंह की ससुराल में शादी थी। तिलक से लेकर शादी तक ससुराल में रहने के साथ ही घर के लोगों से मिलने-जुलने का पूरा प्रोग्राम बनाया था। इसीलिए वे दिवाली पर भी घर नहीं आए थे। 2 दिसंबर को एर्नाकुलम-पटना एक्सप्रेस से वाराणसी तक बुकिंग थी। वहां से बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर चार दिसंबर को घर पहुंचना था। लेकिन ऐन वक्त पर ट्रेन ही कैंसिल हो गई।
ऑनलाइन टिकट रिजर्वेशन काउंटर चलाने वाले बिछिया निवासी परमात्मा चौबे बताते हैं कि ऑनलाइन आठ टिकट एक ही दिन कैंसिल कराना पड़ा। पूरा टिकट एक ही परिवार के लोगों का था। इन लोगों ने चेन्नई से आने और जाने का टिकट बुक कराया था। गोरखपुर रेलवे स्टेशन के आरक्षित काउंटर के कर्मचारियों ने बताया कि एक ही दिन चेन्नई का करीब 60 टिकट कैंसिल हुआ। सबसे अधिक टिकट तीन से सात दिसंबर के बीच कैंसिल हुए।
ये ट्रेनें हुई थीं निरस्त
एर्नाकुलम से 02 दिसंबर को चलने वाली 22669 एर्नाकुलम-पटना एक्सप्रेस, गोरखपुर से 03 दिसंबर को चलने वाली 12511 गोरखपुर-कोचुवेली एक्सप्रेस, बनारस से 03 दिसंबर को चलने वाली 22536 बनारस-रामेश्वरम एक्सप्रेस, चेन्नई से 04 दिसंबर को चलने वाली 12669 चेन्नई-छपरा एक्सप्रेस, पटना से 05 दिसंबर को चलने वाली 22670 पटना-एर्नाकुलम एक्सप्रेस, चेन्नई से 05 दिसंबर को चलने वाली 16093 चेन्नई-लखनऊ जं. एक्सप्रेस, रामेश्वरम से 06 दिसंबर को चलने वाली 22535 रामेश्वरम-बनारस एक्सप्रेस, कोचुवेली से 06 दिसंबर को चलने वाली 12512 कोचुवेली-गोरखपुर एक्सप्रेस, छपरा से 06 दिसंबर को चलने वाली 12670 छपरा-चेन्नई एक्सप्रेस और लखनऊ जं. से 07 दिसंबर को चलने वाली 16094 लखनऊ जं.-चेन्नई एक्सप्रेस।
-
बुआ-फूफा ने ऑनलाइन दिया आशीर्वाद
गोरखपुर। शहर के तारामंडल में सात तारीख के एक प्रतिष्ठित परिवार में विवाह का आयोजन था। सभी नाते-रिश्तेदारों ने आयोजन में खूब आनंद लिया। लेकिन चेन्नई एयरपोर्ट पर से हवाई सेवाएं बाधित होने की वजह से बुआ व फूफा इस शादी में शामिल नहीं हो पाए। छह नवंबर को पता चला कि चेन्नई से आने वाली फ्लाइट पर रोक लगी है। इसके अलावा ट्रेन का रास्ता भी बंद है। इस वजह से शादी में आ पाना मुमकिन नहीं है। शादी की रात जब जयमाल चल रहा था तो वीडियो कॉल कर बुआ और फूफा को वैवाहिक आयोजन का लाइव दिखाया गया तो उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। संवाद