गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और प्रदेश की सुपर इंडस्ट्री पॉलिसी के तहत गीडा के धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र में श्रेयस डिस्टिलरी एंड एनर्जी प्रा.लि. को 60.50 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। कंपनी ने 110 एकड़ अतिरिक्त जमीन के लिए भी आवेदन किया है। कुल 170 एकड़ में 8000 करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजनाएं स्थापित होंगी। प्रबंध निदेशक विनय सिंह ने बताया कि प्रोजेक्ट में 2000 मेगावाट का पावर प्लांट, सोलर एनर्जी प्लांट, 2000 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता का अनाज आधारित इथेनॉल व एविएशन फ्यूल प्लांट, 20 किलोलीटर प्रतिदिन माल्ट स्प्रिट प्लांट और ब्रुअरी प्लांट शामिल हैं। इससे गोरखपुर प्रदेश का पहला ग्रीन एनर्जी हब बनेगा और लगभग 5000 लोगों को रोजगार मिलेगा। उद्योगों में पराली, भूसा, घास और बगास से ऊर्जा पैदा होगी, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय का स्रोत मिलेगा। देश में पहली बार एविएशन फ्यूल का उत्पादन गोरखपुर में होगा, जिससे यहां से हवाई जहाज उड़ान भरेंगे।