- 60 कैमरों की मदद से चेकदार शर्ट वाले लुटेरे को पुलिस ने खोज निकाला, भेजा जेल
- लूटी गई पूरी रकम बरामद, घटना में इस्तेमाल बाइक भी मिली
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। आईपीएल सट्टा में रुपये लगाकर लाखों कमाने के चक्कर में युवक लुटेरा बन गया। पिता सब्जी बेचकर सम्मान का जीवन यापन करते हैं, लेकिन बेटे ने सट्टे में लगाए गए रुपयों को चुकाने के लिए 50 हजार की लूट कर ली। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर उसके पास से 50 हजार रुपये बरामद कर लिए। आरोपी तक पहुंचने के लिए ने 60 सीसी टीवी कैमरों को खंगाला गया। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान न्यू शिवपुरी कॉलोनी, फलमंडी निवासी आदित्य गुप्ता (20) के रूप में हुई है। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने पुलिस लाइंस में प्रेस कांफ्रेंस कर पकड़े गए बदमाश के बारे में जानकारी दी। बताया कि गायघाट निवासी सुशीला देवी पत्नी राजू गुप्ता के खाते में प्रधानमंत्री आवास योजना की रकम आई थी। 16 मई को 50 हजार रुपये निकाल कर वह घर लौट रही थी। रास्ते में जीडीए पंप के पास बाइक सवार बदमाश ने रुपये लूट लिए। सुशीला देवी की सूचना पर रामगढ़ताल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बैंक व क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की गई तो 7 दिनों में लगभग 60 सीसीटीवी की फुटेज की जांच के बाद आरोपी की पहचान की गई। जिसके बाद उस क्षेत्र में आरोपी की फोटो दिखा कर पता लगाया गया और बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी सिटी ने बताया की पूछताछ में आरोपी ने बताया की उसने आईपीएल में सट्टा लगाया था, जिसमे काफी पैसे हार गया था। जिसकी भरपाई के लिए उसने महिला से लूट की। लूट वाली घटना के दिन आरोपी आदित्य बैंक के अंदर व बाहर काले चेकदार शर्ट पहन कर बैठा था। इस दौरान उसकी नजर अचानक दुबली पतली बुजुर्ग महिला पर पड़ी जो बैंक से पैसे गिन कर निकल रही थी। महिला अपने घर जाने के लिए ऑटो में बैठी तो आरोपी ने बाइक से पीछा किया। जब महिला ऑटो से उतर कर लहसड़ी रोड पोखरे के पास पहुंची तो सुनसान इलाका देख कर लूट को अंजाम दिया। एसपी ने बताया कि आरोपी मोबाइल की दुकान पर काम करता है। उसके पिता सब्जी बेचते हैं। इसने पहली बार लूट की घटना को अंजाम दिया है।