सोनौली। प्रयागराज महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं को परिवहन विभाग की तरफ से बड़ी सौगात मिली है। सोनौली बस डिपो से प्रयागराज के लिए 50 से अधिक रोडवेज बसों का संचालन होगा। साथ ही विभाग ने सभी कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। बसें चलने से नेपाल के श्रद्धालुओं को भी बेहतर रोडवेज सुविधा मिलेगी। प्रयागराज में 13 जनवरी से भव्य महाकुंभ का आयोजन होने जा रहा है। श्रद्धालुओं के आवागमन को और बेहतर बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की ओर से संचालित रोडवेज बसों को अतिरिक्त चलाने का फैसला लिया है। इसमें सोनौली बस डिपो से प्रयागराज के लिए परिवहन विभाग की ओर से 50 से अधिक रोडवेज बसों को संचालित करने का निर्देश दिया गया है। सोनौली बस डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक एनके चौधरी ने बताया की नेपाल बॉर्डर पर स्थित सोनौली बस डिपो से उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की ओर से प्रयागराज के लिए 50 से अधिक रोडवेज बसें चलाई जाएंगी।