सिविल लाइंस प्रथम में काली मंदिर गोलघर के सामने टाइप-2 अपार्टमेंट के सामने वाला पार्क
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नगर निगम की ओर से शहर के 47 पार्कों के विकास और सुंदरीकरण की तैयारी की गई है। 15वें वित्त आयोग के तहत प्रस्तावित इन कार्यों पर कुल करीब 7.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पार्कों में चहारदीवारी, ग्रिल, गेट, पाथवे, ओपन जिम, झूले और फाउंटेन सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार इनमें कई पार्कों में ओपन जिम बनाने का प्रस्ताव है। कुछ पार्कों में चहारदीवारी, ग्रिल, गेट और पाथवे बनाए जाएंगे, जबकि कुछ का पूरी तरह सुंदरीकरण किया जाएगा। प्रस्ताव में सबसे अधिक 35.26 लाख रुपये नौसड़ पंचायत भवन के बगल पार्क के निर्माण और 35.35 लाख रुपये बेतियाहाता स्थित पार्क के सुंदरीकरण के लिए रखे गए हैं।
शहर के निवासी पवन अग्रवाल का कहना है कि पार्कों के सुंदरीकरण होने से शहर के अंदर एक अच्छी जगह मिल जाएगी जहां लोग सुबह शाम टहलने के साथ बच्चों का मनोरंजन भी कर सकेंगे।
वहीं, ओपेन जिम होने से शरीर भी स्वस्थ रहेगा। इसके साथ ही शिव कुमार सिंह का कहना है कि काली मंदिर गोलघर के सामने अंदर गली में पार्क है जो बदहाल है। यहां सुविधाएं बढ़ेगी तो लोग सुबह शाम टहलेंगे व बच्चाें का मनोरंजन भी होगा। वहीं, सिविल लाइंस के पार्षद अजय राय ने बताया कि सीएम ने इसका शिलान्यास किया है, कार्य पूरा हो जाने से काफी सुविधाएं मिलेंगी।