मकर संक्रांति पर बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए परिवहन निगम 13 से 16 जनवरी के बीच पूर्वांचल के विभिन्न रूटों से 380 विशेष बसों का संचालन करेगा।
परिवहन निगम ने इसके लिए रूटों का निर्धारण कर लिया है। निगम की गोरखपुर, महराजगंज, ठुठीबारी, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बढ़नी, बलरामपुर, गोंडा, देवरिया, कुशीनगर, दोहरीघाट, अयोध्या, खलीलाबाद और रूद्रपुर आदि रूट पर अतिरिक्त बसों को चलाने की योजना है।
भूले बिसरे यात्रियों की मदद करेगा कंट्रोल रूम
श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए गोरखनाथ मंदिर और रेलवे बस स्टेशन पर रोडवेज की तरफ से कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे कार्यरत रहेगा। कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को जागरूक करेंगे। साथ ही मेले में भूले बिसरे यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में मदद भी करेंगे। इसके लिए परिवहन निगम ने कंट्रोल रूम नंबर 9414858159, 6392305706 और 0331 2200093 जारी किया है।
मेले के लिए चलेंगी 27 इलेक्ट्रिक बसें
श्रद्धालुओं के लिए गोरखपुर सिटी ट्रांसपोर्ट की ओर से 27 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। इलेक्ट्रिक बस डिपो के मैनेजर केके मिश्रा ने बताया कि इसके लिए 25 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक बसें लखनऊ से मंगाई जा रही है।