सेंट एंड्रयूज कॉलेज से परीक्षा देकर बाहर निकलते अभ्यर्थी
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा में शुक्रवार को 11349 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, किसी भी सेंटर से किसी संदिग्ध या साल्वर के पकड़े जाने की कोई खबर नहीं आई। दो पाली में परीक्षा को लेकर सुरक्षा-व्यवस्था के लिहाज से पुलिस सुबह आठ बजे से ही केंद्रों के बाहर मुस्तैद रही। एसएसपी डाॅ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई दिन भर परीक्षा केंद्रों का दौरा करते रहे। कंट्रोल रूम से भी पल-पल की खबर ली जा रही थी।
जिले में 55 केंद्रों पर हो रही परीक्षा में शुक्रवार को 49152 महिला व पुरुष अभ्यर्थियों को शामिल होना था। दोनों पाली में हुई परीक्षा में कुल 37803 अभ्यर्थी ही पहुंचे। जांच के लिए सभी केंद्रों पर दो घंटा पहले ही अभ्यर्थियों की भीड़ लग गई थी। गेट पर प्रवेश पत्र व दस्तावेज की जांच के बाद बायोमेट्रिक कराकर अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने दिया गया।
दोपहर 12 बजे पहली पाली की परीक्षा खत्म होने और अपराह्न तीन बजे से शुरू होने वाली दूसरी पाली की परीक्षा देने अभ्यर्थी केंद्र पर पहुंचे तो शहर के अधिकांश चौराहों पर थोड़ी देर के लिए भीड़ लग गई। यातायात पुलिस की मुस्तैदी से स्थिति सामान्य हो गई।
आज होगी अंतिम दिन की परीक्षा
पांच दिन तक चलने वाली परीक्षा का शनिवार को आखिरी दिन है। अंतिम दिन भी 49000 से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे।