गोरखपुर। रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने शनिवार को रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से लावारिस हालत में 33 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब की कुल कीमत 26,442 रुपये बताई गई है। मुखबिर की सूचना पर प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर पहुंची टीम ने 05735 ट्रेन के बी-1 कोच की जांच की। शौचालय की गैलरी में दो पिठ्ठू बैग और एक कार्टून पैकेट लावारिस हालत में मिला। आसपास के यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने सामान अपना नहीं बताया। सामान खोलकर जांच करने पर अलग-अलग कंपनियों की 33 बोतल शराब मिली। इसमें 750 मिलीलीटर की छह बोतल ऑल सीजंस गोल्ड कलेक्शन, छह बोतल एपिसोड प्रीमियम और 21 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा 24.75 लीटर है। टीम ने शाम करीब 5:55 बजे शराब को कब्जे में लिया। इसके बाद कानूनी कार्रवाई और निस्तारण के लिए शराब को सुरक्षित रखा दिया गया। इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर गिरजेश विश्वकर्मा ने बातया कि सभी शराब की बोतल को लब्त कर लिया गया है।