असुरन-पिपराइच फोरलेन: जंगल धूसड़ तिराहे पर अतिक्रमण जाम की वजह
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। असुरन से पिपराइच जाने में जंगल धूसड़ तिराहे पर जाम जरूर मिलेगा। यहां की सड़क की चौड़ाई ही करीब 25 फीट है। उस पर से सड़क के दोनों छोर पर अतिक्रमण है। बिजली के खंभे की आड़ में गुमटियां और ठेले वालों ने सड़क पर कब्जा कर रखा है। इन दुकानों पर सामान खरीदने वाले गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं। शाम के वक्त जाम की समस्या और बढ़ जाती है। जब से यहां के लोगों ने सुना है कि फोरलेन की चौड़ाई 20.5 मीटर होगी तो वे बेहद खुश है। ज्यादातर दुकानें तोड़फोड़ से बच जाएंगी और फोरलेन बनने से एक तरफ जहां लोग फर्राटा भरते जाएंगे, वहीं दुकानों की रौनक भी बढ़ जाएगी।
शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे जंगल धूसड़ तिराहे पर गाड़ियों की भीड़ लगी थी। सड़क पर सजी दुकानों पर लोग खरीदारी कर रहे थे और गाड़ियां सड़क पर खड़ी कर दी थी। किसी तरह जाम खुला, लेकिन पांच मिनट बाद ही एक ट्रक आ गया और फिर जाम लग गया। जंगल धूसड़ कस्बे के निवासी पवन गुप्ता ने बताया कि ऐसी स्थिति तो यहां रोजाना ही है। अब तो जाम को झेलने के आदी हो गए हैं। शाम को भीड़ बढ़ती है तो और दिक्कत होती है। यहां के ही अजय का कहना था कि जब हमें जल्दी कहीं जाना होता है तो जाम मिल ही जाता है। यहां आबादी भी ज्यादा है, सारा लोड इसी सड़क पर है। फोरलेन बन जाने से आवागमन में आसानी होगी।
कोट-
इस चौराहे पर तो हमेशा जाम देखने को मिलता है। फोरलेन बन जाने से काफी राहत मिलेगी। असुरन से पिपराइच जाने वालों को जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-राम उग्रह चौहान,जंगल धूसड़
दुकानदारों ने सड़क पर अतिक्रमण कर रखा ह इससे भी जाम लगा रहा है। चौराहे पर अतिक्रमण हट जाए तो जाम से कुछ निजात जरूर मिलेगी। फोरलेन बन जाने से सारी समस्या का समाधान हो जाएगा।
-चंद्रभान चौहान,जंगल धूसड़
-