यूपी बोर्ड ने जारी की 10वीं-12वीं की वार्षिक परीक्षा की समय सारणी
- फोटो : Adobe Stock (अमर उजाला ग्राफिक्स)
उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने परीक्षाओं की तिथि घोषित कर दी है। इसके साथ ही तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले में सत्र 2025-26 में लगभग 1.40 लाख विद्यार्थी (10वीं और 12वीं) परीक्षा देंगे। पिछले वर्ष 206 केंद्र बनाए गए थे, जबकि इस वर्ष लगभग 200 केंद्र बनाए जा सकते हैं। केंद्रों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं के परीक्षा केंद्रों का निर्धारण जीपीएस सिस्टम से दूरी के आधार पर किया जा रहा है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। छात्रों के पंजीकरण का सत्यापन अभी किया जा रहा है। ये पूरा हो जाने के बाद स्कूल स्तर पर डेटा अपलोड किया जाएगा, जिसे जिला विद्यालय निरीक्षक सत्यापित करेंगे।
इसके बाद जिला स्तरीय समिति प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की जांच कर रिपोर्ट बोर्ड को भेजेगी। समिति यह भी सुनिश्चित करेगी कि किसी गलत ख्याति वाले विद्यालय को परीक्षा केंद्र न बनाया जाए और यदि किसी स्थान पर दूरी या अन्य समस्या हो तो उसका समय पर समाधान किया जाए।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ अमरकांत सिंह ने बताया कि ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के आवेदनों में संशोधन की प्रक्रिया चल रही है। जल्दी ही केंद्रों और अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
24 घंटे सक्रिय रहेगा बोर्ड परीक्षा का कंट्रोल रूम
बोर्ड परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए यूपी बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से हर वर्ष की तरह कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। कंट्रोल रूम हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा समाप्त होने तक 24 घंटे तीन पालियों में कार्य करेगा। किसी भी गड़बड़ी या शिकायत की स्थिति में यहां से तत्काल निर्णय लिए जाएंगे।