गोरखपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम ने महानगर को स्वच्छ और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए 14 दिवसीय एंटी-प्लास्टिक अभियान शुरू किया है। यह अभियान 23 जून तक नगर निगम के सभी 80 वार्डों में चलाया जाएगा। अभियान के तहत घरों, विद्यालयों, बाजारों, दुकानों, धार्मिक स्थलों, होटलों, रेस्तरां तथा सरकारी एवं निजी कार्यालयों से प्लास्टिक कचरे का विशेष संग्रह किया जाएगा। मेयर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव ने अभियान का शुभारंभ करते हुए सभी पार्षदों से इसकी सफलता के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की है। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जोनल अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। नगर आयुक्त अजय जैन ने नागरिकों से प्लास्टिक मुक्त गोरखपुर बनाने में सहयोग की अपील की है।