Gen-Z नई हर चीज में अपडेट रहना पसंद करता है। नया फोन हो, नया ऐप हो या फिर नया फैशन ट्रेंड। सब कुछ उन्हें सबसे पहले चाहिए। लेकिन खास बात ये है कि इतनी तेजी से ट्रेंड बदलने वाले ये Gen-Z पिछले कुछ वर्षों से एक पुराने दौर के फैशन पर फिदा हैं और वह दौर है 2000's यानी Y2K Era। Gen-Z के लिए Y2K सिर्फ पुराने कपड़ों की वापसी नहीं है। बल्कि नॉस्टैल्जिया, सोशल मीडिया और सेल्फ-एक्सप्रेशन का परफेक्ट कॉम्बिनेशन बन चुका है।
क्या है Y2K जिसे कोई नहीं भूल पाया?
Y2K का फुल फॉर्म Year 2000 है। शुरुआत में यह शब्द उस तकनीकी समस्या से जुड़ा था, जब दुनिया को डर था कि 1999 से 2000 में तारीख बदलते ही पुराने कंप्यूटर सिस्टम काम करना बंद कर सकते हैं। हालांकि ऐसा कुछ बड़ा नहीं हुआ, लेकिन Y2K शब्द हमेशा के लिए लोगों की यादों का हिस्सा बन गया।
Y2K फैशन की शुरुआत कैसे हुई?
Y2K फैशन की शुरुआत उस दौर में हुई, जब दुनिया तेजी से बदल रही थी। 1990 के दशक के आखिर और 2000 की शुरुआत में इंटरनेट लोगों की जिंदगी का हिस्सा बनने लगा था। नई तकनीक, ग्लोबल पॉप कल्चर और भविष्य को लेकर लोगों में उत्साह था। यही बदलाव फैशन में भी साफ दिखाई देने लगा।
उस समय लोग सिर्फ जरूरत के हिसाब से कपड़े नहीं पहनते थे, बल्कि अपने स्टाइल से अपनी पहचान दिखाना चाहते थे। बोल्ड फैशन, रंगीन और एक्सपेरिमेंटल होता जा रहा था। अलग-अलग स्टाइल को मिलाकर पहनना और नए लुक्स अपनाना ट्रेंड बन गया था। उस समय लो-राइज जींस, कार्गो पैंट, बेबी टी-शर्ट, ट्रैकसूट, बटरफ्लाई क्लिप, टिंटेड सनग्लासेस और छोटे हैंडबैग फैशन का हिस्सा थे। Gen-Z इन्हीं स्टाइल्स को नए अंदाज में पहन रहे हैं। इसके साथ ही इसे सोशल मीडिया पर फिर से ट्रेंड बना रहे हैं।
सेलिब्रिटीज ने क्यों बनाया Y2K को सुपरहिट?
Y2K फैशन को लोकप्रिय बनाने में फिल्मी सितारों, पॉप सिंगर्स और टीवी शो का बड़ा योगदान रहा। म्यूजिक वीडियो, अवॉर्ड शो और रेड कार्पेट पर दिखने वाले लुक्स अगले ही दिन युवाओं के बीच ट्रेंड बनने लगते थे। लोग अपने पसंदीदा स्टार्स की तरह कपड़े पहनना चाहते थे। वहीं, 2000 के दशक में पहली बार फैशन इंडस्ट्री ने युवाओं को सबसे बड़ा ग्राहक माना। ब्रांड्स ने ऐसे कपड़े डिजाइन किए जो फन, क्रिएटिव और थोड़ा हटकर हों।
Gen-Z क्यों कर रहे है Y2K की वापसी?
हर पीढ़ी का एक ऐसा फैशन दौर होता है, जिससे उसका खास जुड़ाव होता है। जैसे Millennials आज भी 90s के सिंपल और मिनिमल फैशन को पसंद करते हैं, वैसे ही Gen-Z ने Y2K यानी 2000 के शुरुआती दौर के फैशन को अपना फेवरेट बना लिया है।
फैशन एक्सपर्ट्स का मानना है कि दोनों पीढ़ियां अपने-अपने दौर के स्टाइल से एक तरह का नॉस्टैल्जिया (पुरानी यादों का एहसास) महसूस करती हैं। पुराने ट्रेंड उन्हें सुकून, अपनापन और बदलती दुनिया के बीच एक परिचित एहसास देते हैं। वहीं Gen-Z ने Y2K फैशन को सिर्फ यादों के लिए नहीं, बल्कि उसे नए अंदाज में पेश करने के लिए अपनाया है। यही वजह है कि 2000 के दशक का फैशन आज फिर से सोशल मीडिया और युवाओं की वार्डरोब में छाया हुआ है।
Gen-Z के लिए 'कूल' फैशन है Y2K
विंटेज कपड़ों को Gen-Z बड़े शौक से वार्डरोब में दे रहे जगह
इतना ही नहीं, 2000 के दशक पर आधारित वेब सीरीज और पुराने पॉप कल्चर कंटेंट भी युवाओं के बीच फिर से देखे जा रहे हैं। इनसे प्रेरित होकर Gen-Z उस दौर के फैशन को अपने अंदाज में दोबारा जी रहे हैं। Gen-Z सिर्फ स्टाइलिश दिखना ही नहीं चाहते, बल्कि पर्यावरण और सस्टेनेबिलिटी को भी महत्व देते हैं। ऐसे में युवा बड़ी संख्या में थ्रिफ्ट स्टोर्स और सेकेंड हैंड फैशन की ओर रुख कर रहे हैं। सोशल मीडिया ने भी इस ट्रेंड को नई रफ्तार दी है। Instagram पर युवा थ्रिफ्ट स्टोर से खरीदे गए विंटेज कपड़ों की शॉपिंग वीडियो और फैशन हॉल्स शेयर कर रहे हैं। वहीं, जिस फैशन को Millennials और Gen X अब अपनी अलमारी से बाहर कर रहे हैं, उसी फैशन को Gen-Z बड़े शौक से अपनी वार्डरोब में जगह दे रही है।