सोशल मीडिया बन रहा है फैशन का नया आईना
नई पीढ़ी की पसंद पर सोशल मीडिया का असर साफ दिखाई देता है। Instagram और Pinterest जैसे प्लेटफॉर्म पर दिखने वाले लुक और ट्रेंड कपड़ों की पसंद को तेजी से प्रभावित करते हैं। किसी Influencer का पहनावा वायरल हो या कोई नया लुक ट्रेंड में आए, युवा उसे अपने अंदाज में अपनाने में देर नहीं करते। यही वजह है कि त्योहार अब खरीदारी का अकेला कारण नहीं रह गए हैं। पूरे साल चलने वाले ऑनलाइन ट्रेंड और सेल भी युवाओं के खरीदारी के फैसले को प्रभावित करते हैं।
Tradition से दूरी नहीं, तरीका बदला
Gen Z को सिर्फ ट्रेंड के पीछे चलने वाली पीढ़ी मानना सही नहीं होगा। कई युवा परंपराओं और रीति-रिवाजों को दोबारा अपना रहे हैं, लेकिन अपने तरीके से। पूजा और पारिवारिक मिलना-जुलना अपनी जगह है, लेकिन इनके साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो साझा करना भी उत्सव का हिस्सा बन गया है। यानी परंपरा बनी हुई है, लेकिन उसे मनाने का अंदाज बदल गया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, कई मामलों में Gen Z अपनी पिछली पीढ़ियों की तुलना में परंपराओं को लेकर ज्यादा उत्साहित भी नजर आती है। वहीं, Gen Alpha अभी परंपराओं को समझने और अपनी पसंद बनाने के दौर में है।
त्योहारों के विज्ञापनों में भी आया बदलाव
नई पीढ़ी की बदलती पसंद का असर त्योहारों से जुड़े विज्ञापनों पर भी पड़ा है। सिर्फ परिवार, रिश्ते और भावनाओं पर आधारित विज्ञापन अब युवाओं को जोड़ने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। युवा ऐसा कंटेंट पसंद करते हैं जो उनकी रोजमर्रा की जिंदगी, हास्य और पसंद से जुड़ा हो। इसलिए त्योहारों के दौरान छोटे वीडियो, मजेदार कंटेंट और सोशल मीडिया पर चल रहे ट्रेंड को विज्ञापनों में जगह मिल रही है। नई पीढ़ी के लिए त्योहारों का मतलब सिर्फ गंभीरता और रस्मों तक सीमित नहीं है। मस्ती, दोस्त, फैशन और अपनी पहचान भी इसके अहम हिस्से बन चुके हैं।