आज के दौर में सोशल मीडिया सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं, बल्कि हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर करना, अनजान लोगों से चैट करना, ऑनलाइन गेम खेलना और हर छोटी-बड़ी बात इंटरनेट पर पोस्ट करना Gen Z की रोजमर्रा की आदतों में शामिल है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपकी एक छोटी-सी ऑनलाइन गलती आपको बड़ी मुसीबत में डाल सकती है?
साइबर बुलिंग, ऑनलाइन स्टॉकिंग, फेक प्रोफाइल, प्राइवेट फोटो लीक करने की धमकी और एआई से बनाई गई फर्जी तस्वीरें युवाओं के लिए गंभीर खतरा बन रही हैं। ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लागू होने के बाद भी कई युवा उम्र की जांच से बचकर सोशल मीडिया इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में ऑनलाइन खतरों को समझना और उनसे बचने के तरीके जानना पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है।
रिसर्च में क्या है?
द कन्वर्सेशन में प्रकाशित एक रिसर्च के मुताबिक, न्यू साउथ वेल्स के दो स्कूलों के 119 किशोरों पर किए गए सर्वे में सामने आया कि कई युवा ऑनलाइन खतरों के बारे में पूरी तरह जागरूक नहीं हैं। करीब एक तिहाई छात्रों को सेक्सटॉर्शन के बारे में जानकारी नहीं थी, जबकि केवल 22 फीसदी छात्र ही हेट स्पीच को समझते थे।
ऐसे में अगर आप भी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं तो ये छह तरीके आपको ऑनलाइन सुरक्षित रखने में मदद कर सकते हैं।
1. हर चीज सोशल मीडिया पर शेयर न करें
इंस्टाग्राम पर हर पल की अपडेट डालना अच्छी बात लग सकती है, लेकिन अपनी हर जानकारी इंटरनेट पर शेयर करना समझदारी नहीं है। आपकी फोटो, स्कूल-कॉलेज, घर का पता, फोन नंबर और लोकेशन का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है।
कुछ भी पोस्ट करने से पहले खुद से पूछें:
- क्या इस पोस्ट से मेरी लोकेशन या निजी जानकारी सामने आ रही है?
- क्या कोई मेरी फोटो या जानकारी का गलत इस्तेमाल कर सकता है?
- क्या यह पोस्ट भविष्य में मेरे लिए परेशानी बन सकती है?
साथ ही अपने फोन और ऐप्स की लोकेशन, कैमरा और ब्लूटूथ परमिशन भी चेक करते रहें।
2. ऑनलाइन ट्रोल्स को भाव न दें
सोशल मीडिया पर कुछ लोग सिर्फ दूसरों को परेशान करने, गुस्सा दिलाने या नीचा दिखाने के लिए कमेंट और मैसेज करते हैं। इसे ट्रोलिंग और साइबर बुलिंग कहा जाता है। ऐसे लोगों को जवाब देकर बहस बढ़ाने के बजाय उनकी प्रोफाइल ब्लॉक और रिपोर्ट करें। जरूरत पड़ने पर मैसेज के स्क्रीनशॉट लेकर सबूत भी सुरक्षित रखें। याद रखें, हर ऑनलाइन कमेंट का जवाब देना जरूरी नहीं है।
3. ऑनलाइन दोस्ती में आंख बंद करके भरोसा न करें
ऑनलाइन गेमिंग या सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति से दोस्ती होना आम बात है। लेकिन हर दोस्त वैसा नहीं होता, जैसा वह अपनी प्रोफाइल पर दिखाता है। अगर कोई व्यक्ति बार-बार आपकी निजी जानकारी मांगता है, आपकी ऑनलाइन एक्टिविटी पर नजर रखता है, बातें छिपाने का दबाव बनाता है या अकेले मिलने के लिए कहता है तो सावधान हो जाएं। ऐसी स्थिति में किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें। किसी अनजान ऑनलाइन दोस्त से मिलने का फैसला जल्दबाजी में न लें।
4. प्राइवेट फोटो और वीडियो शेयर करने से बचें
किसी के कहने या दबाव डालने पर अपनी निजी तस्वीरें या वीडियो शेयर न करें। एक बार तस्वीर इंटरनेट पर पहुंच गई तो उसे कॉपी करना, दूसरे लोगों तक पहुंचाना या AI की मदद से उसमें बदलाव करना आसान हो सकता है। अगर कोई आपकी तस्वीर वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगता है या और तस्वीरें भेजने का दबाव बनाता है तो यह सेक्सटॉर्शन हो सकता है।
ऐसी स्थिति में:
- पैसे देने या दूसरी तस्वीरें भेजने से बचें।
- चैट और धमकी वाले मैसेज के स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें।
- किसी भरोसेमंद बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी दें।
- पुलिस या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत करें।
5. फेक प्रोफाइल और कैटफिशिंग को पहचानें
क्या आप जानते हैं कि सोशल मीडिया पर दिखने वाला हर व्यक्ति असली नहीं होता? कई लोग किसी दूसरे की फोटो लगाकर फेक अकाउंट बनाते हैं और दोस्ती या रिश्ते के नाम पर लोगों को धोखा देते हैं। इसे कैटफिशिंग कहते हैं।
ऐसे अकाउंट की पहचान इन संकेतों से हो सकती है:
- वह बार-बार वीडियो कॉल करने से बचता है।
- कुछ ही दिनों में बहुत ज्यादा करीब आने की कोशिश करता है।
- उसकी पोस्ट और बताई गई बातें एक-दूसरे से मेल नहीं खातीं।
- वह आपसे पैसे या निजी जानकारी मांगने लगता है।
- ऐसा शक होने पर बातचीत बंद करें, अकाउंट ब्लॉक और रिपोर्ट करें। अपनी निजी जानकारी या पैसे बिल्कुल शेयर न करें।
6. हर वायरल पोस्ट को सच न मानें
सोशल मीडिया पर कोई वीडियो या खबर वायरल हो रही है, इसका मतलब यह नहीं कि वह सच भी है। AI की मदद से फर्जी वीडियो, तस्वीरें और भ्रामक खबरें तैयार की जा सकती हैं।
किसी भी पोस्ट को शेयर करने से पहले:
- उसके सोर्स की जांच करें।
- भरोसेमंद न्यूज वेबसाइट पर जानकारी चेक करें।
- फोटो और वीडियो की सच्चाई जानने की कोशिश करें।
- नफरत फैलाने वाले कंटेंट को आगे बढ़ाने के बजाय रिपोर्ट करें।