मोबाइल बना पहला पैसों का सलाहकार
इस पीढ़ी और बाकी पीढ़ियों के बीच सबसे बड़ा फर्क शायद सोच का नहीं, बल्कि सुविधा का है। पहले निवेश का मतलब होता था बैंक, कागजी काम और पैसों के सलाहकार। अब निवेश सिर्फ एक ऐप डाउनलोड करने जितना आसान हो गया है। आज की युवा पीढ़ी के लिए फोन सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि पैसों से जुड़ी पूरी दुनिया है।
एक ही स्क्रीन पर सबकुछ:
- यूपीआई का भुगतान भी इसी से है।
- नियमित निवेश वाले ऐप भी मौजूद।
- शेयर बाजार की उठा-पटक की खबर।
- डिजिटल करेंसी खरीदने-बेचने का मंच।
- खर्च मैनेज करने वाले टूल भी हैं मौजूद ।
- पैसों की जानकारी देते छोटे वीडियो।
यही कारण है कि यह पीढ़ी निवेश को किसी कठिन चीज की तरह नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा मानने लगी है। लेकिन यही तेजी कभी-कभी खतरा भी बन जाती है। पैसों की जानकारी अब क्लास से ज्यादा इंस्टाग्राम और यूट्यूब की छोटी वीडियो से आ रही है।
30 सेकंड की वीडियो में:
- एक महीने में पैसा दोगुना कैसे करें
- यह शेयर अभी खरीद लो होगा फायदा
- डिजिटल करेंसी से जल्दी अमीर बनो
सोशल मीडिया की जानकारी पहुंचा सकती है नुकसान
जानकारों का मानना है कि सोशल मीडिया ने पैसों की जानकारी को आसान जरूर बनाया है, लेकिन कई बार उसे जरूरत से ज्यादा चमकदार भी बना दिया है। समस्या यह है कि जब पैसों की सलाह मनोरंजन की तरह दिखाई जाने लगे, तब सही और गलत में फर्क करना मुश्किल हो जाता है। यही वजह है कि कई युवा निवेश और सट्टेबाजी के बीच का फर्क ठीक से समझ नहीं पाते। फिर सवाल वही है कि क्या यह युवा पीढ़ी सच में पैसों के मामले में समझदार है? जवाब है हां, लेकिन पूरी कहानी थोड़ी उलझी हुई है। यानी यह नई पीढ़ी लापरवाह नहीं है, बस इसका पैसा संभालने का तरीका अलग है।
कमाई भी, खर्च भी पर किसी भी झांसे में आने से बचना होगा
यह पीढ़ी एक साथ कमाई भी कर रही है, खर्च भी कर रही है, निवेश भी कर रही है और अपने भविष्य को सुरक्षित करने की कोशिश भी कर रही है। शायद यह पहली ऐसी पीढ़ी है जो कम उम्र में ही कमाई, सीखने और निवेश- तीनों काम एक साथ कर रही है। यह पीढ़ी पैसों को लेकर जिज्ञासु है, ऑनलाइन दुनिया को समझती है और अवसरों को जल्दी पहचानना जानती है। लेकिन सोशल मीडिया से प्रभावित होने वाली इस दुनिया में जल्दी पैसा कमाने और सही तरीके से संपत्ति बनाने के बीच संतुलन बनाना अभी भी इसकी सबसे बड़ी चुनौती है। आने वाले वर्षों में यही तय करेगा कि यह पीढ़ी सिर्फ खर्च करने वाली पीढ़ी बनकर रह जाएगी या फिर भारत की सबसे ज्यादा पैसों के प्रति जागरूक और समझदार पीढ़ी के रूप में अपनी पहचान बनाएगी।