जेन-जी के जन्म के करीब 50 साल पहले देश को आजादी मिली। इसके बाद से देश लगातार विकास की राह पर है। विकास के साथ लोगों की जीवनशैली व सोच बदल रही है। जेन-जी इन्हीं बदलावों का प्रतिनिधित्व करती है। उसके संवाद और सूचनाओं के प्लेटफॉर्म भी अलग हैं। पहनावा से लेकर बोलचाल की भाषा तक अलग है। हालिया आंदोलनों ने यह साबित किया है कि जेन-जी संगठित है और स्थापित व्यवस्थाओं को बदलने में सक्षम भी।
| प्रदेश का नाम | जेन-जी वर्ग की आबादी |
|---|---|
| उत्तर प्रदेश | 33.9% |
| झारखंड | 33.8% |
| राजस्थान | 32.3% |
| मध्य प्रदेश | 31.4% |
| केरल | 22.2% |
| तमिलनाडु | 22.6% |
| आंध्र प्रदेश | 24.3% |
| हिमाचल | 24.6% |
| पंजाब | 25.1% |
शिक्षण संस्थान बढ़े, पर गुणवत्ता सुधार जरूरी
देश में 1,289 विश्वविद्यालय, 48,246 कॉलेज और 115,221 स्वतंत्र संस्थान हैं। हर साल 80 लाख से एक करोड़ तक छात्र अपनी स्नातक डिग्री पूरी करते हैं। लेकिन, 2027 की क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग (क्यूएस डब्ल्यूयूआर) में सिर्फ 52 भारतीय संस्थान शामिल हैं। यह भारत का अब तक का सबसे अधिक प्रतिनिधित्व है।
10 वर्ष में 100 से अधिक पेपर लीक
मीडिया रिपोर्ट्स में दावे किए गए कि देश में 10 वर्षों में 100 से अधिक पेपर लीक हुए। विपक्ष ने इस अवधि में 152 बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक होने का दवा किया, जिनसे 7.5 करोड़ छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ। पेपर लीक की समस्या दूर करने के लिए केंद्र ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) बनाई, लेकिन समस्या कम होने के बजाय बढ़ती गई।
बेरोजगारी और रोजगार पर आंकड़ों का द्वंद्व
रोजगार विभाग ने अक्तूबर में आंकड़े जारी करते हुए दावा किया कि देश में रोजगार 2017-18 में 47.5 से बढ़कर 2023-24 में 64.33 करोड़ हो गया। यानी, छह वर्षों में 16.83 करोड़ नई नौकरियां जुड़ीं। उधर, कर्नाटक ने 2026 में शिक्षित बेरोजगारों के लिए युवा निधि योजना की घोषणा की तो 50,000 से अधिक इंजीनियरों ने आवेदन किया।
बेहतर शिक्षा, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था
जेन-जी के लिए आजादी का मतलब ऐसी व्यवस्था है, जहां किसी युवा को अपने भविष्य के लिए किसी राजनीतिक पहुंच, आर्थिक ताकत या सिफारिश पर निर्भर न रहना पड़े। युवा को यह भरोसा होना चाहिए कि उसकी मेहनत और प्रतिभा के आधार पर उसे आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। शिक्षा की गुणवत्ता और अवसर की समानता बेहतर होनी चाहिए। ...अभिजीत दीपके, संस्थापक, कॉकरोच जनता पार्टी