विल्स लाइफस्टाइल फैशनवीक का पहले ही दिन फैशनपरस्तों को गोवा से लेकर शंघाई तक की सैर कराई डिजाइनर वेंडल रॉड्रिक्स ने। चौंकिए मत, गोवा से शंघाई के फैशन का यह सफर है वेंडल रॉड्रिक्स के इस कलेक्शन की थीम जिसे वह फैशनवीक के पहले ही दिन पेश कर चुके हैं।
कम समय में फैशन की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाने वाले गोवा के इस डिजाइनर के कलेक्शन पर इस बार न सिर्फ हर फैशनपरस्त की नजर टिकी है बल्कि उनकी डिजाइन्स उन्हें आज के दौर के उन चुनिंदा ट्रेंड सेटर्स में से एक बनाती हैं जो भारतीय फैशन जगत को हर किसी की पहुंच में लाने में कामयाब हुए हैं। पेश हैं वेंडल रॉड्रिक्स से हमारी बातचीत के कुछ खास अंशः
फैशनवीक में क्या होगा खास
फैशनवीक में रॉड्रिक्स का कलेक्शन इस बार 18वीं सदी की थीम पर होगा जिसमें गोवा से शुरू होने वाला सफर शंघाई में खत्म होगा। इस कलेक्शन में सिल्वर सीक्वेन्ड बिकनी टॉप, ब्लू सिल्क ऑर्गेन्जा कट ब्लाउज, क्रेप सिल्क, साटन, लाइनेन, सिल्क आदि में नए प्रयोग किए हैं। इस कलेक्शन में पेस्टल कलर पैलेट पर खासा ध्यान दिया गया है।
इंडियन जियोमेट्री से मिली प्रेरणा
वेंडल को उनके कट्स के लिए भारतीय भूगोल यानी इंडियन जियोमेट्री से प्रेरणा मिला। रिजॉर्ट वेयर, ईकोफ्रेंडली फाइबर और डायस को वह अपने डिजाइन्स की फिलॉस्फी मानते हैं। वह बताते हैं, 'वैसे तो मुझे लगता है कि मैं पैदा ही इसके लिए हुआ लेकिन पहली बार जब मैं सात साल का था, तब जूली एंड्र्यूज को मैंने पर्दे से काटकर गार्मेंट्स बनाते देखा था। मुझे यह सब बिल्कुल जादू जैसा लगा था कि कैसे कोई एक कपड़े से कई पोशाकें तैयार कर सकता है।'
बदलाव से मिलती है खुशी
रॉड्रिक्स का मानना है कि बतौर फैशन डिजाइनर उनके लिए सबसे आकर्षक है इस क्षेत्र की रचनात्मकता। वह बताते हैं कि मुझे इस इंडस्ट्री में सबसे अधिक बात जो लुभाती है, वह यह है कि यहां सबकुछ तेजी से बदलता है। वैसे फैशन का मेरा कोई पसंदीदा दौर नहीं रहा है क्योंकि मैं पूरी तरह से आज में विश्वास करता हूं लेकिन 1930 के दशक का फैशन (जैसा 'द ग्रेट गैट्सबाइ' फिल्म में दिखा था) कुछ हद तक मुझे आकर्षित करता है।
स्टाइल आइकन
वेंडल के अनुसार, बॉलीवुड में ऐसे कई सेलिब्रिटीज हैं जिनकी स्टाइल मुझे प्रभावित करती है। इनमें रेखा, मलाइका अरोड़ा खान, सोनम कपूर, ऋतिक रोशन और शाहरुख खान इनमें प्रमुख हैं।