कहते हैं सोना जितना पुराना होता है, उतना अधिक कीमती होता है और त्योहारों के अवसर पर हम जो सोने के गहने खरीदते हैं, उनकी चमक को सालों-साल बरकरार रखना उतना ही कठिन होता है। सोने के गहनों को किस तरह मेनटेन करें कि वे हमेशा नए जैसे दिखें, इसके बारे में आज हम आपको जानकारी दे रहे हैं।
पहनते वक्त सावधानियां
सोना एक मुलायम मेटल है जिसपर स्क्रैच लगने की आशंका अधिक होती है। खासतौर पर सोने की अंगूठी, ब्रेसलेट या चूड़ियां पहनते वक्त सजग रहना जरूरी है। ऐसे में घर की साफ-सफाई या फिर बच्चों के साथ खेलने आदि के दौरान बेहतर होगा कि सोने के गहनें न पहनें।
क्लोरीन से बचाएं ज्वेलरी
सोने के गहनों पर कई ऐसे रसायन हैं जो सूट नहीं करते। क्लोरीन भी ऐसा ही एक रसायन है जिसके संपर्क में सोना कमजोर हो जाता है। अगर अधिक समय तक सोने के गहनों का संपर्क क्लोरीन से होगा तो वे जल्दी टूटेंगे। स्विमिंग पूल में जाते वक्त सोने के गहनों को निकाल देने में ही भलाई है।
क्लोरीन के अलावा, एसिड, क्लीनर आदि के नियमित संपर्क में आने से भी सोने के गहनें कमजोर हो जाते हैं। इनका उपयोग करते वक्त हाथों में रबड़ के दस्तानें पहनने से अंगूठी या ब्रेसलेट को बचाया जा सकता है।
गहनों की सफाई
रोजमर्रा में पहनने वाली गोल्ड ज्वेलरी की चमक जल्दी फीकी पड़ जाती है। इसकी वजह है रोजाना उस पर पसीने, धूल या मेकअप का लगना। ऐसे में समय-समय पर आप अगने सोने के गहनों को वाशिंग पाउडर और गुनगुने पानी के घोल से साफ करें और फिर अच्छी तरह सुखाएं।
ऐसे स्टोर करें
सोने के गहनों को अगर सही तरीके से स्टोर करें तो ये सालों-साल चलते हैं। इन्हें हमेशा मेटल या मोती, स्टोन्स आदि के गहनों से अलग रखें। आप चाहें तो इन्हें किसी मुलायम कपड़े या बटर पेपर में रैप करके भी रख सकते हैं जिससे ये कम से कम हवा के संपर्क में आएंगे और उनकी उम्र बढ़ेगी।