क्या कैमरे की फ्लैश लाइट आप पर पड़ते ही आपकी पलके झपक जाती हैं और फोटो खराब हो जाती है? अपनी फोटोग्राफ में अच्छा दिखना भला कौन नहीं चाहता। कई लोग प्राकृतिक रूप से फोटोजॅनिक होते हैं लेकिन कुछ के लिए फोटो में अच्छा दिखना किसी चुनौती से कम नहीं होता।
अगर आप भी फोटोजॅनिक दिखने का कोई उपाय खोज रहे हैं तो हम आपको कुछ ऐसे उपाय बता रहे हैं जिनपर अमल करने से आपकी फोटो परफेक्ट आएगी। अगली बार फोटो खिंचवाने से पहले इन स्मार्ट टिप्स को जरूर अपनाएं।
पहनावे पर हो खास ध्यान
आप कितने भी स्टाइलिश क्यों न हों, कैमरे के आगे आपका पहनावा बहुत मायने रखता है। ऐसे में फोटो शूट के दौरान अपनी पोशाक पर थोड़ा ध्यान देना तो बनता है ही। कैमरे के सामने कोशिश यही होनी चाहिए की पोशाक में बहुत से शेड्स और बोल्ड पैटर्न के प्रिंट न हों।
स्ट्राइप्स से लुक थोड़ा भ्रामक लगता है, वहीं हॉरिजंटल स्ट्राइप्स से शरीर चौड़ा लगता है। फोटो खिंचवाते समय हमेशा ध्यान रखें कि आपकी पोशाक आपके स्किन टोन के हिसाब से हो।
क्लीन एंड क्लीयर
पिक्चर में अच्छा दिखने के लिए सिर्फ अच्छा पहनावा ही जरूरी नहीं बल्कि साफ-सफाई भी जरूरी है। अगर बालों को संवारा नहीं है या त्वचा ऑयली या ड्राई दिख रही है तो फोटो और भी बुरी दिखेगी। बेहतर होगा कि फोटों खिंचवाने से पहले चेहरा साफ करके आप मॉश्च्युराइजर का इस्तेमाल करें।
सही हो एंगल
आपको हमेशा अपना परफेक्ट एंगल पता होना चाहिए, जिस एंगल पर फोटो के दौरान आप सबसे फिट दिखते हों। इसके लिए इस बात की जानकारी होनी जरूरी है कि किस तरह का एंगल आपकी पर्सेनालिटी पर सूट करता है। इसके लिए सबसे आसान तरीका है कि आप अपनी कुछ पुरानी फोटोग्राफ लें और उनमें से अपनी पसंदीदा फोटो अलग कर लें।
अब इन फोटोग्राफ में आपने जिस तरह का पोज दिया है उसको ध्यान में रखें और अगली कुछ फोटो के दौरान उन्हीं एंगल को ट्राई करें। इसके अलावा, अपने पॉश्चर (मुद्रा) पर भी ध्यान दें। बहुत अधिक झुकने या बहुत अधिक तन कर खड़े होने से भी फोटो खराब हो सकती है।
'मिलियन डॉलर स्माइल'
फोटोग्राफ अच्छी हो, इसके लिए जरूरी है कि आपके चेहरे पर प्यारी सी मुस्कान हो और थकान का नामोनिशान नहीं हो। कैमरे के सामने पोज देते वक्त सारी चिंताएं भूल जाएं और अच्छी बातों को याद करें। इसके अलावा, चेहरे पर आत्मविश्वास दिखना भी जरूरी है। (mensxp.com)