क्या आप भी अपने लुक को लेकर हमेशा इस उलझन में रहते हैं कि किस तरह आप खुदको मैच्योर लुक दें? आप कितनी भी कोशिश करें लेकिन आपका लुक किसी स्कूल या कॉलेज के लड़के जैसा ही लगता है? या फिर आप खुदको और अधिक 'मेनली' दिखाने की चाह रहे हैं ताकि आपके लुक से लोग भी आपको गंभीरता से लें?
फैशन की दुनिया में आपके ऐसे किसी भी सवाल का सिर्फ एक जवाब है - यही सही समय है कि आप अपना लुक और स्टाइल पूरी तरह बदल लें। आप कॉलेज के 'चॉकलेट बॉय' से 'माचो मैंन' कैसे बनें, इसके कुछ आसान तरीके हम आपसे बांट रहे हैं।
ऐसे हों आउटफिट्स
अगर आप पतले-दुबले हैं और 25 की उम्र में भी टीनेज जैसा आपका लुक है तो अपने आउटफिट्स पर ध्यान देना आपको लिए और भी जरूरी है। ऐसे फिजीक के लि जरूरी है कि आप अपना लुक कुछ ऐसा रखें जिससे आपके कंधे चौड़े दिखें, जैसे हॉरिजंटल स्ट्रिप्स वाली टी-शर्ट या शर्ट पहनें।
इसके अलावा आप लेयर्ड क्लोदिंग भी अपना सकते हैं। मसलन, टी-शर्ट के साथ शर्ट का कांबिनेशन। जरूरी नहीं कि सर्दियों में ही लेयर्ड क्लोदिंग हो, गर्मियों में भी आप कॉटन पर आधारित कई कांबिनेशन ट्राई कर सकते हैं। कॉटन की हाव स्लीव्स शर्ट के साथ टी-शर्ट का लुक कैजुअल भी लगेगा और आरामदायक भी।
कैजुअल लुक में आप स्टोल्स और टी-शर्ट के भी कांबिनेशन ट्राई कर सकते हैं। वहीं फॉर्मल लुक में शर्ट के साथ कॉटन की स्लीवलेस जैकेट भी काफी स्टाइलिश लगेगी। खासतौर पर बिजनेस सूट में स्लीवलेस जैकेट अच्छा ऑप्शन है।
फिट है, तो हिट है
जब बात स्टाइल की आती है तो आउटफिट की फिटिंग बहुत मायने रखती है, ऐसे में जींस की फिटिंग को दरकिनार नहीं किया जा सकता है। मेनली लुक के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है कि आप स्किन टाइट जींस और फेडेड जींस का मोह छोड़ दें।
जींस बहुट टाइट होने के बजाय स्मार्ट तरीके से फिट हो। जहां तक शेड्स का सवाल है, आप गहरे रंग के शेड्स वाली जींस या ट्राउजर चुनें जिससे आप अधिक लंबे व मैच्योर लगेंगे।
फुटवेयर से दिखाएं अपना क्लास
कहते हैं किसी भी व्यक्ति की ड्रेसिंग का पहला इंप्रेशन उसके जूतों से ही पता चलता है। तो अगर बात ड्रेसिंग में मैच्योरिटी लाने की हो तो जूतों पर ध्यान देना और भी जरूरी हो जाता है। हमारी सलाह है कि आप भले ही जूतों के कम विकल्प रखें, लेकिन अच्छे और क्लासी जूते ही पहनें।
ऑफिस के लिए जितना आप फॉर्मल कपड़ों पर ध्यान देते हैं, फॉर्मल जूतों पर भी उतना ही ध्यान देने की जरूरत है। आप चाहें तो कैजुअल वीयर के साथ भी लेदर शूज का कांबिनेशन ट्राई कर सकते हैं।
सटीक हो आपका बैग
कई बार लोग इस बात का ध्यान ही नहीं देते कि वे किस तरह का बैग किस मौके पर कैरी करते हैं। मैच्योर पर्सेनालिटी के लिए जरूरी है कि जब आप एक बार कॉलेज छोड़ दें तो सबसे पहले कॉलेज बैग से तौबा कर लें, खासतौर पर ऑफिस के लिए।
आप चाहें तो कॉलेज बैग की जगह स्मार्ट लैपटॉप बैग भी ट्राई कर सकते हैं। किसी खास बिजनेस मीट या कॉन्फ्रेंस के लिए चिक ब्रीफकेस भी बेहतरीन विकल्प है। इस तरह के विकल्पों से न सिर्फ आपका लुक मौच्योर लगेगा बल्कि आपका व्यक्तित्व भी अधिक प्रभावशाली होगा।
बेबी पिंक से करें परहेज
बेबी पिंक एक फेमिनिन शेड (महिलाओं के लिए) माना जाता है। कई दफा पुरुषों पर यह अच्छा लगता है लेकिन अगर आप मैच्योर लुक चाहते हैं तो बेबी पिंक को अपने कलेक्शन में जगह न दें। बेहतर होगा की थोड़े गहरे रंग के कपड़ों को ट्राई करें जिससे आप आपकी उम्र अधिक पता पड़ेगी।