कोई खास मौका हो या बदलता मौसम; जिस तरह आप हर अवसर के लिए पहनावे, ज्वेलरी और फुटवेयर का ध्यान रखते हैं, उसी तरह हर अवसर के लिए परफ्यूम का सही चुनाव भी जरूरी है। परफ्यूम का सही चुनाव न सिर्फ आपको खुशनुमा एहसास देता है बल्कि आपके व्यक्तित्व का भी परिचय देता है। तो अगर आप किसी विशेष अवसर पर परफेक्ट दिखने की चाह में हैं तो अपनी परफेक्ट फ्रेग्नेंस ऐसे चुनें।
अवसर के अनुसार परफ्यूम
ऑफिस जाते वक्त जिस तरह आप फॉर्मल वेयर को तरजीह देते हैं, उसी तरह परफ्यूम की फ्रेग्नेंस भी हल्की ही चुनें। इसके अलावा कैजुअल मौकों पर हल्के फ्लोरल परफ्यूम या फिर कोलोन स्प्रे अच्छी पसंद है। खासतौर पर दिन के वक्त कहीं जाते वक्त यह फ्रेग्नेंस परफेक्ट है। रात की पार्टी के लिए मस्क और सिवेट जैसी फ्रेग्नेंस बेहतरीन विकल्प हैं।
मौसम के अनुसार परफ्यूम
बरसात के मौसम में 'स्पाइस' और 'सिनामोन' जैसी परफ्यूम ट्राई कर सकते हैं जिनकी महक न तो बहुत हल्के होती हैं और न ही बहुत तेज। जबकि सर्दियों के लिए मस्क और स्पाइस फ्रेग्नेंस वाले परफ्यूम बेहतर होते हैं। इसके अलावा सैंडलवुड फ्रेग्नेंस वाले परफ्यूम भी अच्छा विकल्प है। वैसे तो फ्रूट और फ्लोरल फ्रेग्नेंस वाले परफ्यूम गर्मियों के लिए सबसे ठीक होते हैं पर अगर इन्हें दिन में भी ट्राई कर सकते हैं। अगर आपको पसीना अधिक आता है तो साइट्रस सेंट भी एक अच्छा विकल्प है।
मूड के अनुसार परफ्यूम
हल्के और खुशनुमा मूड के हिसाब से फ्लोरल और साइट्रस फ्रेग्नेंस वाले सेंट अच्छा विकल्प हैं जबकि रोमांटिक मूड को ओरियंटल और सैंडलवुड जैसी फ्रेग्नेंस वाले परफ्यूम खूब सूट करते हैं। वहीं फ्रूट फ्रग्नेंस वाले परफ्यूम आपकी ऊर्जा और तरोताजगी भरे मूड को और अधिक ताजगी देते हैं। इसके अलावा लेवेंडर और वनीला सेंट मानसिक शांति के लिए अच्छा विकल्प हैं।