किसी भी खास मौके पर खास दिखने की चाहत भला किसकी भी नहीं होती। महिलाओं के पास खास दिखने के तो बहुतेरे विकल्प होते हैं लेकिन पुरुषों के लिए विकल्प लगभग एक जैसे ही होते हैं। ऐसे में भीड़ में अलग दिखने के लिए पुरुष अपनी स्टाइल और पहनावे के साथ अगर कुछ नए प्रयोग करेंगे तो यकीनन अपने लुक्स से वे खास अवसरों पर आकर्षण का केंद्र होंगे। अगर आप भी भीड़ में अलग और आकर्षण का केंद्र लगना चाहते हैं तो अपनी ड्रेसिंग के साथ ये प्रयोग करें।
आम पहनावे को दें खास स्टाइल
अलग दिखने के लिए आपका पहनावा बहुत युनीक हो ऐसा जरूरी नहीं और न ही ये जरूरी है कि आप चलन के हिसाब से बिल्कुल नई पोशाक ही पहनें। आप आम पहनावे को भी अपने कंफर्ट के हिसाब से अलग स्टाइल दे सकते हैं। जैसे पार्टी में ब्लैक सूट तो हर कोई पहनता है लेकिन अगर आप इसी ब्लैक सूट के साथ डार्क शेड की सिल्क या साटेन शर्ट ट्राइ करें और कफलिंग्स या पॉकेट स्क्वायर का इस्तेमाल करें तो आपका लुक जरूर स्पेशल लगेगा।
इसी तरह आप सर्दियों में कैजुअल्स के साथ पुलोवर ट्राइ करते वक्त स्कार्व या मफलर को भी गले में डालें। इससे कैजुअल लुक और अधिक स्मार्ट भी लगेगा और आप थोड़े अलग भी दिखेंगे।
बारीकियों पर भी रखें नजर
जरूरी नहीं कि हर लड़के की पर्सेनालिटी सलमान खान या ऋतिक रोशन जैसी हो लेकिन अगर अपने पहनावे की बारीकियों पर थोड़ा ध्यान दें तो आप किसी भी मौके पर अपने बेस्ट लुक में नजर आ सकते हैं। जैसे आपके कपड़े भले ही बहुत ब्रांडेड न हों लेकिन अगर साफ और अच्छे से प्रेस किए हों तो आपका लुक बहुत बेहतर होगा। इसी तरह तैयार होने के बाद अपने जूतों की पॉलिश चेक करना न भूलें। आपकी छोटी-छोटी भूल ही आपके लुक का मजा खराब कर सकती हैं।
स्टाइल से झलकना चाहिए आत्मविश्वास
आपकी ड्रेसिंग से आपका एटिट्यूड तभी पता चलता है जब आपका आत्मविश्वास आपकी आंखों, आपके व्यवहार और बातचीत के तरीके में झलके। किसी भी तरह की ड्रेसिंग को सफल बनाने के लिए आत्मविश्वास से उसे कैरी करना बहुज जरूरी है। ऐसे में आप जो भी पहनें उसमें आप कंफर्टेबल और कॉन्फिडेंट दिखें, यह बहुत जरूरी है।