वीगन ब्यूटी प्रोडक्ट्स ऐसे स्किनकेयर उत्पाद हैं, जिनमें किसी भी प्रकार के पशु-उत्पाद या उनसे प्राप्त सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया जाता। इनमें दूध, शहद, मधुमोम, कोलेजन, लैनोलिन, केराटिन और जेलाटिन जैसी सामग्रियां शामिल नहीं होतीं। प्राकृतिक, पौधों से प्राप्त और पशु-मुक्त सामग्री से बने ये उत्पाद आज पशु प्रेमियों और पर्यावरण के प्रति जागरूक लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं।
- खूबसूरती के साथ पर्यावरण की चिंता
आज फाउंडेशन, काजल, मस्कारा और फेस क्रीम जैसे सौंदर्य उत्पाद हमारी रोजमर्रा की जरूरत बन गए हैं। पारंपरिक कॉस्मेटिक्स में कई बार पशु-जनित सामग्री का उपयोग होता है और उनकी प्लास्टिक पैकेजिंग पर्यावरण के लिए चुनौती बनती है। इसके विपरीत, वीगन मेकअप पशु-जनित सामग्री से मुक्त होने के साथ पर्यावरण-अनुकूल है। कई ब्रांड कागज, कांच और रिसाइकल होने वाली सामग्री का उपयोग कर रहे हैं।
- संवेदनशील त्वचा के लिए कितना बेहतर?
संवेदनशील त्वचा के लिए वीगन सौंदर्य उत्पादों के विकल्प अब लिपस्टिक और फाउंडेशन तक सीमित नहीं हैं। अब बाजार में काजल, मस्कारा, नेल पॉलिश, फेसवॉश, मॉइस्चराइजर, शैंपू और सनस्क्रीन भी उपलब्ध हैं। इनमें पौधों से प्राप्त तेल, वनस्पति-आधारित मोम और अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि वीगन का अर्थ यह नहीं कि हर त्वचा के लिए सुरक्षित होगा। इसलिए इस्तेमाल से पहले सामग्री सूची जांचें, पैच टेस्ट करें और जलन होने पर उपयोग बंद कर दें।
- खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
वीगन मेकअप का इस्तेमाल करने का सोच रही हैं, तो उत्पाद की पैकेजिंग पर ‘वीगन’ या ‘100 प्रतिशत वीगन’ लिखा देखें। साथ ही सामग्री सूची जरूर पढ़ें, क्योंकि कुछ उत्पादों में मधुमक्खी का मोम, लैनोलिन या कैरमिन जैसे पशु-आधारित घटक होते हैं, जो कि त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। सबसे जरूरी पेच टेस्ट करके ही इसका इस्तेमाल करें। साथ ही भरोसेमंद वीगन प्रमाणन और ब्रांड की आधिकारिक जानकारी भी जांचें।
विशेषज्ञ की राय : पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं हाेती
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार मीणा बताते हैं कि पशु कल्याण और पर्यावरण के प्रति बढ़ती जागरूकता के चलते वीगन स्किन केयर प्रोडक्ट्स की लोकप्रियता बढ़ रही है, लेकिन प्राकृतिक या पर्यावरण-अनुकूल होना हर त्वचा के लिए पूरी तरह सुरक्षित होने की गारंटी नहीं है। इनमें मौजूद सुगंध, प्रिजर्वेटिव या अन्य तत्व एलर्जी, जलन और लालिमा पैदा कर सकते हैं, इसलिए इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। संवेदनशील त्वचा वाले लोग सामग्री की सूची ध्यान से पढ़ें और विशेषज्ञ की सलाह लेकर ही इसका इस्तेमाल करें।