मौसम के बदलते मिजाज के साथ-साथ त्वचा की देखभाल भी बेहद जरूरी है। इस मौसम में त्वचा में भरपूर नमीं और ग्लो बरकरार रखने के लिए ड्राइ फ्रूट्स का इस्तेमाल भी बेहद फायदेमंद है। आप अपनी त्वचा की जरूरत के अनुसार उनके लिए उपयुक्त ड्राइ फ्रूट्स चुनकर, त्वचा को स्वस्थ व दमकदार बना सकते हैं। ब्यूटी एक्सपर्ट भारती तनेजा से बातचीत के आधार पर जानिए किन ड्राइ फ्रूट्स की मदद से त्वचा में निखार लाना चुटकियों का काम हो सकता है।
बादाम से बरकरार रखें नमीं
ड्राइ स्किन के लिए बादाम किसी रामबाण से कम नहीं। बादाम और दूध का फेसपैक ड्राइ स्किन को नमीं देने के साथ-साथ त्वचा का ग्लो भी बढ़ता और रंगत साफ करता है। रात भर बादाम को भिगोकर इसे पीस लें और इसमें दूध, मुल्तानी मिट्टी व शहद मिलाएं। ऑलमंड ऑयल से त्वचा की रोज सोने से पहले मसाज करें। जिनकी त्वचा ऑयली है वे बादाम को पानी में भिगोकर शहद के बदले नींबू या दही का प्रयोग कर सकते हैं।
प्राकृतिक स्क्रब है अखरोट
अखरोट से न सिर्फ त्वचा की गंदगी और डेड सेल दूर होती है बल्कि चेहरे का ग्लो भी बरकरार रहता है। इसकी खासियत है कि यह हर तरह की त्वचा पर कारगर है। अखरोट के छिलके को बारीक पीस कर इसमें मुल्तानी मिटटी, खस-खस और दही मिलाएं, अब यह एक अच्छा स्क्रब बन गया जिससे आप अपनी त्वचा को निखार दे सकती हैं। अखरोट के तेल में आप तिल का तेल व लैवेंडर ऑयल मिलाकर मसाज करें तो त्वचा में रौनक आ जाती है।
नारियल से हटाएं दाग-धब्बे
नारियल त्वचा की ड्राइनेस, झुर्रियों और दाग-धब्बों को हटाने में बहुत फायदेमंद है। इसी तरह नारियल तेल के नियमित प्रयोग से त्वचा में फ्री रेडिकल्स की समस्या नहीं होती क्योंकि इसमें एंटीऑक्सीडेंट के गुण पाए जाते हैं। एलोवेरा जेल में नारियल तेल मिलाकर अपनी त्वचा पर लगाएं तो यह त्वचा को सूरज की हानिकारक किरणों से सुरक्षित रखता है।
नारियल का पानी भी सौन्दर्य वर्धक है अगर आपकी त्वचा पर झाइयां या दाग़ के निशान हैं तो एक चम्मच चंदन पाउडर, एक चम्मच केओलिन पाउडर, एक चम्मच मुल्तानी मिट्टी पाउडर और चुटकी भर हल्दी का नारियल पानी में पेस्ट बनाएं, इसे त्वचा पर लगाकर 5-7 मिनट बाद साफ पानी से धो दें। इस पैक का नियमित प्रयोग करने से आपकी त्वचा से दाग़ हल्के हो जाएंगे और आप निखरी दिखेंगी।
यह भी रखें ध्यान
ड्राइ फ्रूटस सभी प्रकार की त्वचा के लिए अनुकूल और लाभकारी हैं। इनका इस्तेमाल त्वचा की जरूरत के अनुसार करेंगे तो अधिक गुणकारी होता है। संवेदनशील त्वचा वाले इसका प्रयोग पैच टेस्ट के बाद ही करें तो अच्छा रहेगा।