अगर आप शैंपू करने के तुरंत बाद कंडिशनर का इस्तेमाल करते हैं तो रोज शैंपू करने की जरूरत नहीं क्योंकि यह बालों में तेल की अधिकता को कम करता है जिससे बाल जल्दी गंदे नहीं होते। यह बालों को मॉश्च्युराइज करता है और शैंपू के बाद होने वाले रूखेपन को नमी पहुंचाता है। इससे बाल सुलझे, चमकदार और स्वस्थ रहते हैं।
अच्छे कंडिशनर का चुनाव काफी मुश्किल होता है। जरूरी नहीं हर प्रोडक्ट आपको बालों को सूट करे। अगर आपको बाजार में मिलने वाले हेयर कंडिशनर्स पर पूरी तरह भरोसा नहीं या फिर आप बालों को प्राकृतिक रूप से कंडिशन करके अपने बालों की सेहत बरकरार रखना चाहते हैं तो आपके घर में ही ऐसी कई चीजें हैं जिनसे आप बालों की कंडिशनिंग आसानी से कर सकते हैं।
जैतून का तेल
अगर आपके बाल बहुत रूखे हैं और शैंपू के बाद हेयर कंडिशनर इस्तेमाल करने पर भी आपको बालों की कंडिशनिंग की जरूरत महसूस होती है तो जैतून का तेल आपके लिए एक अच्छा हेयर कंडिशनर हो सकता है। शैंपू करने के 15-20 मिनट पहले सिर की जैतून के तेल से मालिश करें, इससे बालों की कंडिशनिंग अच्छे से होगी। आप चाहें तो तेल लगाने के बाद गुनगुने पानी में टॉवेल भिगोकर थोड़ी देर तक बालों पर लपेट लें। इससे बालों की चमक हमेशा बरकरार रहेगी।
अंडा
रूखे बालों की कंडिशनिंग में अंडे की भी अहम भूमिका है। आधे कप गुनगुने पानी में अंडा फेंटकर बालों में 10 मिनट तक लगाने के बाद शैंपू करने से भी बालों की अच्छी कंडिशनिंग होती है। अगर आपके बाल बहुत रूखे हैं तो हफ्ते में एक बार इसे ट्राइ करके देख सकते हैं।
दही
बालों को मुलायम और चमकदार बनाए रखने के लिए दही भी बहुत अच्छा प्राकृतिक कंडिशनर है। इसके अलावा, बालों के झड़ने और डैंड्रफ से निजात दिलाने में भी यह फायदेमंद है। अगर दही खट्टी हो तो वह और भी फायदेमंद है। दही को फेंटकर बालों पर आधे घंटे तक लगा रहने दें और फिर बालों को साफ कर लें।
मेंहदी
कई लोग बालों को रंगने के लिए मेंहदी या हिना का इस्तेमाल करते हैं लेकिन अगर आप मेंहदी को बालों पर आधे घंटे तक लगाकर छोड़ दें तो यह एक बेहतरीन कंडिशनर है। अगर आपके बाल भूरे हैं तो इसमें एक चुटकी कॉफी पाउडर मिलाएं, अगर आपके बाल गहरे काले रंग के हैं तो इसमें दो चम्मच आंवला पाउडर मिलाएं। इससे बालों में चमक तो होगी ही, साथ ही बालों की रंगत भी बरकरार रहेगी।
शहद
अगर आपके बाल बहुत अधिक रूखे हैं तो आधा कप शहद में तीन चम्मच वेजिटेबिल ऑयल मिलाएं और बालों पर लगाकर आधे घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बाद शैंपू से बाल धो लें। यह आपके बालों को मुलायम बनाने के साथ-साथ इसकी चमक भी बरकरार रखेगा।