रोज बाल झाड़ते वक्त कंघे में ढेर सारे बाल आ जाने से क्या आप आजकल बहुत परेशान रहते हैं? बात परेशानी की तो है ही, आजकल प्रदूषण और तनाव भरी जीवनशैली की वजह से हर तीन में से एक व्यक्ति बाल झड़ने की समस्या से जूझ रहा है।
बाल झड़ने का यह शुरुआती दौर भले ही हमें शुरू में कोई बड़ी समस्या न लगे लेकिन वास्तविकता यह है कि यह गंजेपन का शुरुआती चरण है। समस्या अधिक गंभीर है तो इसके लिए चिकित्सकीय परामर्श जरूरी है लेकिन अगर कुछ समय से ही आपके बाल बहुत झड़ रहे हैं तो कुछ प्राकृतिक उपायों द्वारा भी इसका समाधान है।
प्याज और लहसुन के जूस से करें मसाज
सुनने में अटपटा लगता होगा लेकिन प्याज और लहसुन को पीसकर उनके जूस से सिर की मसाज करने से बालों का झड़ना बहुत हद तक कम हो सकता है। दरअसल, इनमें एंटीफंगल और एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं जो सिर पर लगाने से प्राकृतिक एंटीबायोटिक का काम करते हैं। अगर इन्हें लगाने का विचार आपको नहीं भा रहा तो आप भोजन में प्याज व लहसुन अधिक मात्रा में लें।
हॉट ऑयल चंपी
नारियल तेल, सरसो का तेल या ऑलिव ऑयल को हल्का गर्म करें और बालों की जड़ों तक इनकी अच्छी मालिश करें। मसाज के बाद बालों पर शावर कैप लगाएं या गुनगुने पानी में तौलिया भिगोकर निचोड़ लें और सिर पर थोड़ी देर तक बांधें रखें। एक घंटे बाद शैंपू से बाल साफ करें।
हेड मसाज को व्यायाम की तरह करें
सिर की मालिश के लिए जरूरी नहीं कि आप सिर पर ढेर सारा तेल ही लगाएं। बिना तेल के भी सिर पर उंगलियों से आप अगर रोज मसाज करेंगे तो रक्त का प्रवाह तेजी से होगा और बालों को मजबूती मिलेगी।
विटामिन बी और सी
लंबे और घने बालों के लिए डाइट में विटामिन सी और बी वाले तत्वों का सेवन अधिक करें। साइट्रस फल में विटामिन सी अधिक मात्रा में मिलता है। इसके अलावा, बी कॉम्प्लेक्स से भरपूर डाइट लें। इससे बालों का झड़ना कम होगा।
बाल हमेशा रखें साफ
अगर आपको यह लगता है कि बार-बार बालों पर शैंपू करने से बाल अधिक झड़ेंगे तो आप गलत हैं। बालों को आप जितना साफ रखेंगे उनकी उम्र उतनी ही बढ़ेगी। बालों पर शैंपू करने से डैंड्रफ तो कम होगी जिससे बाल मजबूत रहेंगे।
हेयर ड्रायर से बरतें दूरी
अगर आपके बाल बहुत अधिक झड़ते हैं तो तुरंत हेयर ड्रायर से बाल सुखाना बंद करें। हेयर ड्रायर के इस्तेमाल से बाल रूखे हो जाते हैं जिससे हेयर फॉल बढ़ जाता है। इसके अलावा गीले बालों पर कंघी करने से भी बचें। टॉवल से अच्छे से पोछकर बालों को थोड़ा सूखने दें फिर ही उस पर कॉम्ब करें।